मानक ताक पर, जेसीबी एवं अर्ध पीले ईंटों से नाली निर्माण
पहले भी पंचायत सचिव एवं एडीओ पंचायत की मिलीभगत से विकास कार्यों में जमकर हुई है अनियमितता
तेजस टूडे ब्यूरो
मुसैब अख्तर
गोण्डा। जिले की आदर्श ग्राम पंचायत वजीरगंज में इस समय जमकर भ्रष्टाचार हो रहा है जिसके क्रम में जिम्मेदार मनरेगा में खुलेआम जेसीबी चलाते हुये पीले व अद्धे ईंटों से मानक विहीन नाली का निर्माण करा रहे हैं।
बता दें कि इस मानकविहीन नाली का निर्माण वजीरगंज के कर्बला रोड पर कराया जा रहा है जिसकी खुदाई मनरेगा मजदूरों से न करवाते हुये पंचायत सचिव और प्रधान खुलेआम जेसीबी से करवा रहे हैं। इतना ही नहीं, साथ में जो निर्माण कार्य कराया जा रहा है, उसमें मानक विहीन पीले अद्धे ईंटों से कराया जा रहा है जिसको देखने और रोकने-टोकने वाला कोई नहीं है। लोगों की मानें तो इस तरह कई निर्माण व कार्य इस नाम के आदर्श ग्राम पंचायत में और भी किये गये हैं जिस पर जाँच टीम भी बैठी पर स्थानीय स्तर पर जिम्मेदारों के उच्चाधिकारियों से संबंध और चढ़ावे के नीचे सारी जाँचें पता नहीं कहाँ गुम हो गईं।
लोगों के मुताबिक स्थानीय ग्राम प्रधान के उच्चाधिकारियों से संबंध तो हैं ही। नेताओं और मंत्रियों से भी गहरे संबंध हैं, इसलिये यहाँ मानक को ताक पर रखकर अपनी मनमर्जी से मानक विहीन कार्य कराते हुये ग्राम पंचायत के विकास कार्यों के लिये आवंटित धन का जमकर बंदरबांट किया जा रहा है। हालांकि जब इस संबंध में जब नवागत एडीओ पंचायत सतीश तिवारी से जानकारी चाही गई तो उन्होंने बताया कि उन्हें इस संबंध में जानकारी नहीं है कि निर्माण किसके निधि से हो रहा है। यदि यह निर्माण ग्राम पंचायत निधि से है और उसमें जेसीबी से कार्य कराया गया है तथा निर्माण कार्य पीली ईंट से कराया जा रहा है तो जो भी नियमानुसार कार्रवाई होगी, वह इसके जिम्मेदारों पर कराई जायेगी।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचारहमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।