अवधी लोक संगीत महोत्सव में बही लोक संगीत की अविरल धारा
लोक कलाकारों की अनुपम प्रस्तुति से दर्शक हुये भाव—विभोर
शुभम जायसवाल/डा. प्रदीप दूबे
लखनऊ। संगीत नाटक अकादमी नई दिल्ली द्वारा प्रायोजित अवधी लोक संगीत महोत्सव कार्यक्रम सर्वांगीण विकास सेवा अकादमी अमारी-जौनपुर संस्थान के कलाकारों द्वारा लखनऊ स्थित बाल्मीकि रंगशाला संगीत नाटक अकादमी गोमती नगर में विविध लोक संगीत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम में लोक कलाकारों ने लोक गीत, भजन, देवी गीत, नटका, लोक नृत्य एवं संगीत के माध्यम से दर्शकों को मन्त्र मुग्ध कर दिया। लोक संगीत के प्रारंभ में आराधना पाण्डेय एवं संगमलता ने संयुक्त स्वर में कजरी “तोहइ राम जनम भूमि हम देखाइ देब” की प्रस्तुति से जनमानस को भाव विभोर कर दिया। कार्यक्रम में बृजेश पाण्डेय द्वारा “कुवना के ठण्ढा पानी पिपरा के छांव हो” गीत की प्रस्तुति से संगीत प्रेमियों को मंत्र—मुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में लोक कलाकार लाल चन्द पाण्डेय, अंकित मिश्र, चन्द्र हास तिवारी, सौरभ पाण्डेय, गौरव पाण्डेय, आरती पाण्डेय आदि लोक कलाकारों ने भी लोक विधा पर आधारित गीत, भजन, कौव्वाली एवं नृत्य प्रस्तुत कर लोगों को अपनी ओर आकर्षित किया। कार्यक्रम का संचालन इन्द्र कुमार ने किया। अकादमी के अध्यक्ष दयाशंकर पाण्डेय एवं सचिव इन्दु प्रकाश मिश्र ने कलाकारों को सम्मानित करते हुये आगन्तुक अतिथियों का आभार प्रकट किया। इस अवसर पर भारी संख्या में संगीत प्रेमी मौजूद रहे।

आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।










