झारखण्ड राज्य में भीषण बारिश से कोयले की आपूर्ति में लगी बाधा
अनुभव शुक्ला/सचिन चौरसिया
रायबरेली। जिले के ऊंचाहार तहसील क्षेत्र में संचालित एनटीपीसी परिजना जिसकी विद्युत उत्पादन से कई राज्यों को बिजली मिल रही है किंतु झारखंड प्रांत में जबरदस्त बारिश होने की वजह से कोयले की पूर्ति पूरी तरह से प्रभावित हो चुकी है जिसका सीधा असर अब विद्युत उत्पादन पर देखने को मिला है। कोयले की कमी के कारण रायबरेली के ऊंचाहार स्थित एनटीपीसी में 500 मेगा वाट की क्षमता वाली 6 नंबर यूनिट को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। यदि जानकारों की मानें तो झारखंड में मूसलधार बारिश की वजह से कोयला खदानों में कोयले का उत्पादन बंद हो गया था जिसकी वजह से कोयले का निर्यात भी पूरी तरह से प्रभावित हुआ है। जिसका सीधा आधार विद्युत उत्पादन करने वाली परियोजनाओं पर देखने को मिला है। कोयले की कमी के कारण विद्युत परियोजनाओं में विद्युत उत्पादन घट गया है। जिसकी वजह से विभिन्न प्रांत से बिजली की मांग को पूरी नहीं किया जा पा रहा है। कोयले की कमी के कारण जूझ रही परियोजनाएं मांग के अनुरूप उत्पादन नहीं कर पा रही है।














