HomeTrendingभिवंडी से राजस्थान तक नशीली औषधियों की आपूर्ति के सुराग उजागर

भिवंडी से राजस्थान तक नशीली औषधियों की आपूर्ति के सुराग उजागर

  • भिवंडी से राजस्थान तक नशीली औषधियों की आपूर्ति के सुराग उजागर

  • भोईवाड़ा पुलिस ने 5 आरोपियों को किया गिरफ्तार

  • कोडीन फॉस्फेट की 119 बोतलें जब्त

तेजस टूडे ब्यूरो
राजू पाल
भिवंडी, मुम्बई। भिवंडी भोईवाड़ा पुलिस ने नशीली औषधियों की कथित अवैध खरीद-बिक्री से जुड़े प्रकरण में कार्रवाई करते हुए अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें महाराष्ट्र के चार और राजस्थान का एक आरोपी शामिल है। पुलिस के अनुसार जांच के दौरान अंतरराज्यीय आपूर्ति शृंखला से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग सामने आए हैं।
पुलिस को 17 सितंबर को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर सोमानगर स्थित स्कॉलर स्कूल के समीप कार्रवाई की गई थी। इस दौरान अकबर आदम शाह के कब्जे से कोडीन फॉस्फेट युक्त 119 बोतलें बरामद की गईं। पुलिस का आरोप है कि औषधियां वैध चिकित्सकीय पर्चे और आवश्यक बिलों के बिना बिक्री के उद्देश्य से लाई गई थीं। इस संबंध में भोईवाड़ा पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 402/2026 के तहत संबंधित कानूनी धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विक्रम मोहिते के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक दीपक जाधव और विशेष पुलिस दलों ने भिवंडी, ठाणे, पालघर, गुजरात तथा राजस्थान में जांच किया। पुलिस के मुताबिक, तकनीकी साक्ष्यों, बैंक खातों के लेन-देन और आरोपियों के आपसी संपर्कों की पड़ताल से कथित आपूर्ति शृंखला के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां मिलीं। गिरफ्तार आरोपियों में अकबर आदम शाह (भिवंडी), जफर जब्बार रईस (कल्याण), वसीम शबीब शेख (पालघर), अरफात अलाउद्दीन शेख (कल्याण) और अजित विक्रम सिंह (राजस्थान) के रूप में हुई है। पुलिस मामले में औषधियों के स्रोत और अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के अधीन है।

 

 

 

 

 

Must Read