उगते सूर्य को अर्घ्य देकर डाला छठ का हुआ समापन
36 घण्टे का निर्जला व्रत पूर्ण, घाटों पर उमड़ी रही श्रद्धालुओं की भीड़
तेजस टूडे ब्यूरो
राजीव जायसवाल
प्रयागराज। लोक आस्था का महापर्व छठ सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हो गया। रात से ही संगम, बलुआघाट, गऊघाट, अरैल घाट समेत शहर के अन्य अलग-अलग घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी। व्रती महिलाओं ने नदी के पानी में खड़े होकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना करते हुये उगते सूर्य को अर्घ्य दिया। इसके साथ ही 4 दिनों तक चलने वाले छठ महापर्व का समापन हो गया। व्रती महिलाओं ने सूर्य देव और छठी मैया की पूजा कर संतान की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना किया। अर्घ्य देने के बाद महिलाओं ने व्रत का पारण किया।
छठ पूजा के अंतिम दिन सभी प्रमुख घाटों पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। सुबह होते ही घाटों पर पूजा-पाठ शुरू हो गया। महिलाओं ने सूप में फल, ठेकुआ और पूजन सामग्री रखकर सूर्य देव को अर्घ्य दिया। महिलाएं पारंपरिक छठ गीतों के माध्यम से सूर्यदेव और छठी मइया की आराधना करती नजर आईं। छठ पर्व को लेकर घरों में भी विशेष तैयारी की गई थी। इससे पूर्व संगम घाट से लेकर फाफामऊ एवं नैनी के अरैल तक छठ पूजा की तैयारियां की गई थी।
घाटों पर साफ-सफाई, पूजा के लिए जगह और सुरक्षा के इंतजाम किए गए। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन भी अलर्ट रहा। घाटों पर बैरिकेडिंग के साथ जल पुलिस की तैनाती की गई। वहीं शहर में ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए रूट डायवर्जन लागू किया गया। पुलिस और प्रशासन की टीमें भीड़ और यातायात व्यवस्था पर लगातार नजर रखे हुए थीं।











