सजाया गया बाबा श्याम का दरबार, भक्तों ने लगायी हाजिरी

  • सजाया गया बाबा श्याम का दरबार, भक्तों ने लगायी हाजिरी

  • पीहू, आनन्द शर्मा समेत अन्य भजन गायकों ने बांधा समां

  • फूलों की होली एवं सवामणी प्रसाद रहा आकर्षण का केन्द्र

तेजस टूडे ब्यूरो
राजीव जायसवाल
प्रयागराज। श्री श्याम परिवार सेवा समिति नैनी प्रयागराज के तत्वावधान में मयूर गार्डन गेस्ट हाउस में 23वें श्री श्याम महोत्सव का भव्य आयोजन हुआ। महोत्सव में बड़ी संख्या में श्याम भक्तों ने पहुंचकर बाबा खाटू श्याम के दर्शन किए और भक्ति गीतों पर झूमते हुए अपनी श्रद्धा अर्पित किया। आयोजन देर रात तक भक्ति और उल्लास के वातावरण में चलता रहा। इस दौरान पूरा परिसर ‘हारे के सहारे बाबा श्याम हमारे’ के जयकारों से गूंजता रहा। महोत्सव में बाबा श्याम का भव्य दरबार सजाया गया। श्रद्धालुओं ने बाबा के अलौकिक शृंगार के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना किया। विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं मंत्रोच्चार के बीच अखंड ज्योति प्रज्वलित की गई। साथ ही बाबा को छप्पन भोग, सवामणी प्रसाद तथा मक्खन-मिश्री का भोग अर्पित किया गया। बाबा के दर्शन के लिए भक्तों की लंबी कतार लगी रही।
भजन संध्या में पंजाब से आईं सुप्रसिद्ध भजन गायिका पीहू अग्रवाल तथा प्रयागराज की भजन गायिकाओं में बुलबुल अग्रवाल, पूजा केसरवानी और आनंद शर्मा ने अपनी सुमधुर प्रस्तुतियों से ऐसा समां बांधा कि श्रद्धालु देर रात तक भक्ति रस में सराबोर होकर झूमते रहे। भजन गायकों ने एक से बढ़कर एक श्याम भजनों की प्रस्तुति देकर भक्तों को भाव-विभोर कर दिया। वहीं के-म्यूजिकल ग्रुप और आरजी ढपली मंडली ने अपनी शानदार संगीत संगत से कार्यक्रम को और भी आकर्षक बना दिया। इस दौरान आयोजित फूलों की होली श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
इस मौके पर समिति के अध्यक्ष रमेश सुल्तानिया ने कहा कि बाबा श्याम की असीम कृपा और श्याम प्रेमियों के सहयोग से 23वां महोत्सव भव्य रूप से संपन्न हुआ। ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में भक्ति, प्रेम, एकता और सद्भाव की भावना मजबूत होती है। वहीं कार्यक्रम आयोजक दीपेश सुल्तानिया ने सभी श्रद्धालुओं एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महोत्सव में उमड़ी भक्तों की भीड़ बाबा श्याम के प्रति लोगों की अटूट आस्था का प्रतीक है। समिति का प्रयास रहता है कि प्रत्येक वर्ष बाबा का दरबार और अधिक भव्य स्वरूप में सजाया जाय जिससे भक्तों को आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति हो।
महोत्सव में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ने पहुंचकर बाबा श्याम के दर्शन किए और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम का समापन भव्य आरती के साथ हुआ। इसके बाद उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर वैद्य गोयनका, मुरारी लाल अग्रवाल, श्याम शंकर मूर्ति, अभिषेक सुल्तानिया, संकेत अग्रवाल, प्रणव अग्रवाल सहित समिति के पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्याम भक्त मौजूद रहे।