- यूपीएससी में 28वीं रैंक हासिल करके बिथान की बेटी ने बढ़ाया क्षेत्र का मान

तेजस टूडे ब्यूरो
ललन/दिनेश
बिथान, बिहार। प्रखंड के तेलनी गांव की प्रतिभाशाली बेटी प्राची हनी ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा 2025 में देश भर में 28वीं रैंक प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे बिथान प्रखंड समेत समस्तीपुर जिले में खुशी और गर्व का माहौल है। प्राची हनी के पिता रजनीकांत वर्मा मुजफ्फरपुर जिले के बोचहां प्रखंड स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय खालिकपुर में प्रधानाध्यापक हैं जबकि उनकी माता चेतना कुमारी तिरहुत एकेडमी मुजफ्फरपुर में शिक्षिका के रूप में कार्यरत हैं। शिक्षित और प्रेरणादायक पारिवारिक माहौल में पली-बढ़ी प्राची ने शुरू से ही पढ़ाई में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। उन्होंने मैट्रिक की पढ़ाई डीएवी स्कूल मुजफ्फरपुर से पूरी की तथा इंटरमीडिएट की परीक्षा होली क्रॉस स्कूल मुजफ्फरपुर से वर्ष 2018 में उत्तीर्ण की। मैट्रिक और इंटर दोनों परीक्षाओं में वे अपने विद्यालय की टॉपर रहीं। इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से वर्ष 2021 में भूगोल विषय से स्नातक की पढ़ाई पूरी की जहां वे गोल्ड मेडलिस्ट भी बनीं। प्राची हनी का यह यूपीएससी में चौथा प्रयास था जिसमें उन्होंने शानदार सफलता हासिल करते हुए 28वीं रैंक प्राप्त की। इससे पहले बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की परीक्षा में भी उन्हें 92वीं रैंक मिली थी जिसमें उनका चयन बीपीआरओ के पद पर हुआ था लेकिन उन्होंने उस पद को ज्वाइन नहीं कर यूपीएससी की तैयारी जारी रखी। प्राची की इस उपलब्धि के पीछे उनका कठिन परिश्रम,दृढ़ संकल्प और माता-पिता का मार्गदर्शन अहम रहा। अब प्राची हनी आईएएस बनकर देश की सेवा करेंगी। उनकी सफलता पर हसनपुर विधायक राजकुमार राय, पूर्व विधायक सुनील पुष्पम, इंदु गुप्ता, राजेश राकेश, रविंद्र रवि, पैक्स अध्यक्ष जीवछ राय, एमएलसी प्रतिनिधि अरविंद महतो, सरस्वती शिशु मंदिर के प्रधानाचार्य जितेंद्र कुमार, भाजपा नेता संजय गुप्ता, मारवाड़ी युवा मंच के प्रदीप सिंघी सहित कई लोगों ने बधाई दी है।आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।







600 बीमारी का एक ही दवा RENATUS NOVA


