पिकअप की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल | #TejasToday
चंदन अग्रहरि जौनपुर। शाहगंज के बाबू पूर्वा गाँव के पास शुक्रवार की रात नौ बजे तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। जिसमें एक की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरे को गम्भीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर लगते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच में जुटी है।
बाबू पूर्वा गाँव निवासी छोटू (22) पुत्र बरसातू बगल गाँव बडौ़ना निवासी अपने साथी मोहित (25) पुत्र नन्हें राम के साथ शाहगंज से बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। बाबू पूर्वा मोड़ के समीप पहुंचे जहां पीछे से आ रही तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। घटना में मोहित की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। गम्भीर रूप से घायल छोटू को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस पिकअप व उसके चालक की तलाश में जुटी है।