बिजौरी न्याय पंचायत स्तरीय खेल प्रतियोगिता आयोजित
मोबीन हसन एवं महेन्द्र सिंह की मौजूदगी में शुरू हुईं खेल स्पर्धाएं
तेजस टूडे ब्यूरो
नजीबाबाद, बिजनौर। पूर्व माध्यमिक विद्यालय बीजोरी में बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों की न्याय पंचायत स्तरीय मिनी बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का धूमधाम से आयोजन हुआ। प्रतियोगिता में प्राथमिक और जूनियर वर्ग के खिलाड़ियों ने अपना शानदार प्रदर्शन दिखाया, जिसमें शेखपुर गढूं और बीजोरी के खिलाड़ियों ने बाजी मारी। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके उपरांत विद्यालय की छात्राओं ने मनमोहक स्वागत गीत प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय मीडिया प्रभारी मोबीन हसन तथा संकुल प्रभारी महेंद्र सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर क्रीड़ा प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। प्रतियोगिता के दौरान प्राथमिक व जूनियर वर्ग के बालक-बालिकाओं के बीच दौड़ों के साथ लंबी कूद, ऊंची कूद, चक्का फेंक और भाला फेंक जैसी विभिन्न खेल स्पर्धाएं आयोजित हुईं। कार्यक्रम को सफल बनाने में क्रीड़ा प्रभारी अन्नू, निर्मल शर्मा, निदा फाजली, सुनील आर्य, संजीव कुमार, शहनाज, राधा, ममता कालरा, निश्चिंत, शगुफ़्ता, संजय, रूपक, जोगेंद्र और परिलक्षित का सराहनीय योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन मुकेश शर्मा ने किया।













