अटल आवासीय विद्यालय में प्रवेश परीक्षा शान्तिपूर्ण सम्पन्न, 771 अभ्यर्थियों ने लिया हिस्सा
तेजस टूडे मण्डल ब्यूरो
मुसैब अख्तर
गोंडा। उ.प्र. भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित अटल आवासीय विद्यालय ग्राम सिसवा तहसील मनकापुर में शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश परीक्षा रविवार को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई। यह परीक्षा देवीपाटन मंडल के 4 जनपदों गोंडा, बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती के पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों, कोविड-19 के दौरान निराश्रित हुए बच्चों तथा मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) के पात्र बच्चों के लिए आयोजित की गई थी। विद्यालय में कक्षा 6 के लिए कुल 160 सीटें (80 बालक व 80 बालिकाएं) तथा कक्षा 9 के लिए 61 सीटें (31 बालक व 30 बालिकाएं) निर्धारित हैं। प्रवेश के लिए ऑफलाइन व ऑनलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन आमंत्रित किए गए थे। आयोजित परीक्षा में कक्षा 6 के लिए कुल 499 आवेदकों में से 490 छात्र-छात्राएं उपस्थित हुए, जबकि 9 अनुपस्थित रहे। वहीं कक्षा 9 के लिए 281 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया। जनपदवार आंकड़ों के अनुसार कक्षा 6 में गोंडा से 288, बहराइच से 59, बलरामपुर से 70 तथा श्रावस्ती से 73 अभ्यर्थी शामिल हुए। वहीं कक्षा 9 में गोंडा से 140, बहराइच से 58, बलरामपुर से 41 तथा श्रावस्ती से 42 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों के लिए सूक्ष्म जलपान, सुरक्षा व्यवस्था और त्वरित चिकित्सीय सहायता की भी समुचित व्यवस्था प्रशासन द्वारा सुनिश्चित की गई। नोडल अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) आलोक कुमार के निर्देशन में परीक्षा को सुगमता व शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया गया।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।










