HomeTrendingकानून-व्यवस्था की मजबूती को लेकर असन्द्रा पुलिस अलर्ट

कानून-व्यवस्था की मजबूती को लेकर असन्द्रा पुलिस अलर्ट

  • कानून-व्यवस्था की मजबूती को लेकर असन्द्रा पुलिस अलर्ट

  • कोतवाली में दंगा नियंत्रण एवं बलवा ड्रिल का हुआ अभ्यास

तेजस टूडे सं.
प्रेमचन्द
बाराबंकी। कानून-व्यवस्था बनाए रखना और विषम परिस्थितियों में आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की सबसे बड़ी जिम्मेदारियों में शामिल है। इसी जिम्मेदारी को पूरी मुस्तैदी और कुशलता से निभाने के उद्देश्य से कोतवाली असन्द्रा में दंगा नियंत्रण एवं बलवा ड्रिल का विशेष अभ्यास कराया गया।
इस दौरान कोतवाली निरीक्षक अनिल सिंह एवं निरीक्षक सुब्बा सिंह चौहान एसआई प्रवीण शुक्ला ने कोतवाली में तैनात पुलिसकर्मियों को दंगा नियंत्रण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने पुलिसकर्मियों को समझाया कि किसी भी अप्रिय स्थिति, भीड़ के उग्र होने अथवा कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका के दौरान किस प्रकार संयम, सतर्कता और सूझबूझ के साथ परिस्थितियों पर नियंत्रण पाया जाय।
अभ्यास के दौरान पुलिसकर्मियों को न केवल दंगों की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के तरीके बताए गए, बल्कि अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए आम नागरिकों की जान-माल की रक्षा करने के मंत्र दिये गए। अधिकारियों ने स्वयं अभ्यास में शामिल होकर सभी महिला व पुरुष पुलिसकर्मियों को विभिन्न परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली रणनीतियों और सुरक्षा उपायों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।
इस ड्रिल का मुख्य उद्देश्य पुलिस बल को आपात परिस्थितियों के लिए मानसिक एवं शारीरिक रूप से तैयार करना और जरूरत पड़ने पर त्वरित कार्रवाई की क्षमता को मजबूत बनाना रहा। गौरतलब है कि पुलिस की सजगता, अनुशासन और तत्परता ही समाज में सुरक्षा एवं विश्वास का मजबूत आधार होती है। ऐसे प्रशिक्षण अभ्यास न केवल पुलिसकर्मियों के आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं, बल्कि किसी भी चुनौतीपूर्ण परिस्थिति में कानून का राज कायम रखने की तैयारियों को भी मजबूती प्रदान करते हैं।

 

 

 

 

Must Read