फर्जी आईपीएस बन रंगदारी व फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी देने वाला धराया
हैदराबाद पुलिस की लगायी थी डीपी, पुलिस अधीक्षक ने किया खुलासा
अनुभव शुक्ला
रायबरेली। जिले की डलमऊ पुलिस ने एक ऐसे फर्जी आईपीएस बन कर ठगी करने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार किया है जो अफसर बनकर फोन पर लोगों से रंगदारी मांगता था। इतना ही नहीं, रंगदारी न देने की सूरत में लोगों को फर्जी मुकदमें फंसाने की धमकी भी पूरे रौब से देता था। पुलिस ने इस मामले में एक शक्स को अवैध शस्त्र व कारतूस के साथ गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे कर दिया है।

एसपी श्लोक कुमार ने बताया कि आकाश श्रीवास्तव पुत्र जितेंद्र कुमार जोकि मिर्जापुर का निवासी था। उसके द्वारा ट्रू कॉलर पर अपना वास्तविक नाम परिवर्तित करके आयुष श्रीवास्तव आईपीएस के नाम से फीड किया गया था। जिससे किसी व्यक्ति को काल करने पर ट्रू कॉलर ऐप में आयुष श्रीवास्तव आईपीएस दिखाई देता था। व्हाट्सएप पर भी उसने डीपी में पुलिस एकेडमी हैदराबाद का फोटो लगाया हुआ था और साथ ही कई वरिष्ठ अधिकारियों के फोटो इंटरनेट से डाउनलोड करके अपनी गैलरी में रखता था। यह सब दिखाकर वह लोगों को यह बताता था कि वह पुलिस में है। दरअसल रविवार को मामले का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बताया कि बीती 16 अप्रैल 2022 को भूपेंद्र सिंह निवासी नुरुद्दीन थाना सलोन ने पुलिस को एक तहरीर दी कि 3 अप्रैल 2022 को मेरे मोबाइल पर एक व्यक्ति ने खुद को आईपीएस आयुष श्रीवास्तव बता कर फोन किया और उसके बाद उसने मुझसे 1 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। रंगदारी न देने पर फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी। इसी चीज को दबाव बनाकर गूगल पे के माध्यम से इसने मुझसे 12 हजार रुपये स्थानांतरित भी करवा लिया।
उसके बाद इसने मेरे एक बनारस में रहने वाले रिश्तेदार का पता लगाकर उसे भी फोन किया और फर्जी मुकदमे फसाने धमकी देते हुए पैसे मांग लिए। 12 अप्रैल को आयुष श्रीवास्तव ने डरा धमकाकर मेरे साले सत्यमंजय सिंह से भी 15 हजार रुपये का लेब्रा डॉग कुत्ता क्रय करवा लिया। पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद तहकीकात शुरू की और इस अभियुक्त को जो मिर्जापुर का रहने वाला था इसे एक तमंचा, जिंदा कारतूस, 2 मोबाइल और कुछ रुपयों के साथ गिरफ्तार कर लिया। उसने डलमऊ पुलिस को भी कई बार आईपीएस बनकर फोन किया। आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।
डलमऊ पुलिस व एसओजी की खुलासे में थी अहम भूमिकाः श्लोक कुमार
पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बताया कि इस मामले के खुलासे में डलमऊ पुलिस व एसओजी की टीम लगाई गई थी जो लगातार इस फर्जी आईपीएस बनकर रंगदारी मांगने व फर्जी मुकदमे में फंसाने वाले अभियुक्त को पकड़ने में पूरी तरह से सफल रही। इसके मोबाइल फोन पर कई ऐसे चौट मिले हैं जिस पर अपने को अधिकारी बनकर बात करने की पुष्टि हुई है। बाकी अन्य डिटेल भी निकाली जा रही है।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।
















