गोलीबारी में मौत के बाद भी खुलेआम घूम रहे आरोपी
सत्यम कुमार उपाध्याय
कैमूर (बिहार)। जिले के चांद थाना क्षेत्र अंतर्गत नीबी गांव में बीते 17 मई को भूमि विवाद में वर्चस्व को लेकर हुई गोलीबारी में एक पक्ष के अजित मिश्रा की मौके पर मौत हो गई वहीं दूसरे पक्ष के मुख्य आरोपी मुन्न मिश्रा को भी गोलियों की छारा लगी। इस हत्याकांड में कैमूर पुलिस की शिथिलता एवं लापरवाही से किसी बड़ी घटना की संभावना प्रबल हो गई। मृतक के परिजनों का आरोप है कि हत्यारोपियों द्वारा जान- माल की क्षति पहुंचाने की धमकी दी जा रही है, जिससे वे खौफ के साए में जी रहे हैं। इसके अलावा डरी- सहमी 28 वर्षीय विधवा के घर मे रुदन चीत्कार और बार-बार बेहोशी के हालात में जाना अगल-बगल के गांव में चर्चा का विषय बना हुआ है। उक्त हत्याकाण्ड में अन्य अभियुक्तों के खिलाफ कार्रवाई नहीं किए जाने को परिजन पुलिस पर राजनीतिक दबाव बता रहे हैं। पूछे जाने पर चांद थानाध्यक्ष इरफान रज़ा ने बताया कि घटना के फौरन बाद पुलिस मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दी है। घटना में संलिप्त शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि वर्षों से दो पाटीदारों के बीच भूमि विवाद चल रहा है और अभी भी विवाद कायम है। उन्होंने कहा कि भूमि पर कब्जे को लेकर मामला न्यायालय में विचाराधीन भी है। इतना ही नहीं दोनों पक्ष अपना-अपना दावे को लेकर कई बार आमने-सामने भी हो चुके है। खास बात यह है कि दोनों पक्षों के बीच विवाद इतना गहरा गया कि आपस का रिश्ता भी भुल बैठे हैं। इस विवाद में दयादी चाचा ने बीते 17 मई को भतिजे अजित मिश्रा को खेतों में ही गोलियों से छलनी कर बुरी तरह से घायल कर दिया। जिनकी मौत इलाज हेतु वाराणसी ले जाने के क्रम में रास्ते में ही हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलने पर चाँद थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंच कर मामलेकी छानबीन की। इस मामले में मृतक के परिजनों द्वारा गिरफ्तार मुख्य अभियुक्त समेत कुल 6 लोग के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई लेकिन घटना के 6 दिन बीत जाने के बाद भी अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी नही होने से परिजनों में असंतोष हैं। इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। थानाध्यक्ष इरफान रज़ा ने कहा कि वे मृतक के परिजनों से भी लगातार संपर्क में हैं। 1 जून को मतदान की तिथि निर्धारित है। पुलिस बल की कमी के बावजूद अपनी ज़िमेदारियों का निर्वहन कर रहा हूं। उन्होंने कहा कि चुनाव बाद अभियुक्तों के खिलाफ सघन छापेमारी अभियान चलाया जाएगा।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।