भण्डारे एवं जागरण में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, कन्या भोज के साथ हुआ समापन
तेजस टूडे सं.
प्रेमचन्द
बाराबंकी, सिद्धौर। शारदीय नवरात्र पर आस—पास के क्षेत्रों में मां दुर्गा की भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। जगह-जगह सजे माता रानी के दरबार, गूंजते भजन-कीर्तन और प्रसाद वितरण के बीच पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया। कहीं विशाल भंडारे का आयोजन हुआ तो कहीं जागरण और कन्या भोज के जरिए श्रद्धालुओं ने मां जगत जननी के प्रति अपनी श्रद्धा अर्पित किया।
सिद्धौर क्षेत्र के अरुई तिराहे पर राम अनुज उर्फ पिंटू वर्मा की ओर से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया और माता रानी का आशीर्वाद लिया। आयोजन में डॉ. विजयपाल यादव, देवेंद्र महाराज, नीरज वर्मा, कुलदीप पटेल, रामकिशोर वर्मा, फूलचंद वर्मा, अलीगढ़ निवासी पिंटू वर्मा सहित अन्य लोगों की उपस्थिति रही। भंडारे में प्रसाद वितरण के साथ सेवा, सहयोग और सामाजिक सद्भाव की भावना भी देखने को मिली।
उस्मानपुर में आयोजित 22वें जागरण का समापन कन्या पूजन और कन्या भोज के साथ हुआ। शिव मंदिर और हनुमान मंदिर परिसर में मां जगत जननी का मनोहारी दरबार सजाया गया, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा। नवरात्र के दौरान हवन-पूजन, भजन-कीर्तन और आरती से वातावरण भक्तिमय बना रहा। कार्यक्रम का नेतृत्व समिति अध्यक्ष लालता प्रसाद द्विवेदी, पुजारी बाबा शिव नारायण शर्मा, रवि मिश्रा, समाजसेवी एवं पत्रकार शेर बहादुर, आशीष वर्मा और सुनील मौर्य ने किया। अंतिम दिन विधि-विधान से कन्या पूजन कर कन्याओं को भोज कराया गया। इसके बाद प्रसाद वितरण के साथ आयोजन का समापन हुआ। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस भी तैनात रही।
कोठी, पहाड़ापुर, सिद्धौर समेत आस—पास के क्षेत्रों में भी माता रानी के दरबार सजाए गए। नवरात्र के इन आयोजनों ने धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता, सेवा और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।













