पाढम में प्राचीन नाग यज्ञ कुण्ड पर सजा आस्था का मेला, दूर-दूर से पहुंचे श्रद्धालु
तेजस टूडे ब्यूरो
आशीष पचौरी/कैलाश राजपूत
फिरोजाबाद। जनपद के जसराना क्षेत्र स्थित कस्बा पाढम में चैत्र पूर्णिमा पर प्राचीन नाग यज्ञ कुंड के पास 3 दिवसीय मेले का आयोजन हुआ। यह स्थल स्थानीय मान्यताओं के अनुसार राजा परीक्षित से जुड़ा हुआ माना जाता है जिसके चलते यहां हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। अरेंद्र नदी के किनारे स्थित काली माता मंदिर परिसर में लगे इस मेले में आस—पास ही नहीं, बल्कि दूर-दराज के गांवों से भी लोग दर्शन के लिए आए। श्रद्धालुओं ने मंदिर में ध्वजा, नारियल और नेजा चढ़ाकर मनोकामनाएं मांगीं। मेले में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की अच्छी-खासी मौजूदगी देखने को मिली जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
मंदिर से जुड़े लोगों के अनुसार यह परंपरा कई पीढ़ियों से चली आ रही है और साल में दो बार—चैत्र पूर्णिमा और कुवार पूर्णिमा—पर यहां मेला आयोजित होता है। इस दौरान श्रद्धालुओं के लिए भंडारे और जलपान की व्यवस्था भी की जाती है जिसमें स्थानीय लोग बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं।
पौराणिक मान्यता और ऐतिहासिक जुड़ाव
स्थानीय जानकार बताते हैं कि इस स्थान का संबंध महाभारत काल से जोड़ा जाता है। मान्यता है कि अर्जुन के वंशज राजा परीक्षित ने इसी क्षेत्र को अपना निवास बनाया था। बाद में उनके पुत्र जन्मेजय ने नाग यज्ञ का आयोजन कराया जो इस स्थल की पहचान का आधार बना। इसी परंपरा की स्मृति में आज भी नाग यज्ञ कुंड के नाम से यह स्थान प्रसिद्ध है और श्रद्धालु यहां आकर अपनी आस्था प्रकट करते हैं। मेले के दौरान व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय स्तर पर निगरानी की गई जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। कुल मिलाकर यह आयोजन क्षेत्र की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को जीवंत बनाए रखने का एक प्रमुख माध्यम बना हुआ है।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।







600 बीमारी का एक ही दवा RENATUS NOVA



