कार व गैस टैंकर की भिड़ंत में 7 लोग घायल, दो लखनऊ रेफर
तेजस टूडे ब्यूरो
गोविन्द वर्मा
बाराबंकी। बाराबंकी—रामनगर हाईवे पर नयागांव के निकट कार और खाली एचपी गैस टैंकर की आमने—सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में कार सवार एक ही परिवार के 7 लोग घायल हो गये। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर अफरा तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची मसौली पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया जहां दो की गंभीर हालत देखते हुए चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज लखनऊ रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार कार में सवार सभी लोग गोंडा जनपद के ग्रीन सिटी निवासी हैं। हादसे में सुजीत वर्मा पुत्र गया प्रसाद, उनके पुत्र हार्दिक वर्मा, पत्नी कंचन लता, रंजना वर्मा, उषा वर्मा, सोना वर्मा तथा सुजीत की दादी शकुंतला देवी पत्नी गया प्रसाद घायल हो गई। प्राथमिक उपचार के बाद कंचनलता और शकुंतला देवी की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज लखनऊ रेफर कर दिया जबकि अन्य घायलों का जिला अस्पताल में उपचार किया गया। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और घायलों की मदद में जुट गये।
सूचना मिलते ही मसौली पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। दुर्घटना के बाद हाईवे पर घंटों आवागमन बाधित रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद यातायात व्यवस्था सामान्य कराई। गौरतलब है कि बीती रात भी नयागांव के पास हाफ डाला और डंपर के बीच भिड़ंत हुई थी। रामनगर तिराहे से बिंदौरा तक आये दिन सड़क हादसे हो रहे हैं लेकिन इसके बावजूद संबंधित विभाग की ओर से दुर्घटना संभावित क्षेत्र का बोर्ड और पर्याप्त संकेतक नहीं लगाए गए हैं। ग्रामीणों के अनुसार इस मार्ग पर डिवाइडर का अभाव वाहनों की तेज रफ्तार और संकेतकों की कमी हादसों की प्रमुख वजह बन रही है। लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बावजूद सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम न होना विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।











