वरिष्ठ पत्रकार मंगलेश्वर जी नहीं रहे, क्षेत्र में दौड़ी शोक की लहर
शाहगंज के अस्पताल में ली अंतिम सांस, अमिलिया घाट पर हुआ अंतिम संस्कार

तेजस टूडे सं.
डा. प्रदीप दूबे
सुइथाकला, जौनपुर। स्थानीय विकास खंड के अढ़नपुर निवासी वरिष्ठ पत्रकार एवं समाचार पत्र के सम्पादक मंगलेश्वर त्रिपाठी का बीती रात शाहगंज स्थित एक अस्पताल में निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही पत्रकारिता जगत सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
परिजनों के अनुसार मंगलेश्वर दीपोत्सव की खरीददारी करके घर लौटने के बाद आराम कर रहे थे। इसी दौरान रात करीब 10 बजे अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें आनन-फानन में शाहगंज स्थित एक अस्पताल ले गये जहां उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। चिकित्सकों के अनुसार उनकी मृत्यु हृदयाघात के कारण हुई। मंगलेश्वर जी वरिष्ठ पत्रकार होने के साथ दैनिक समाचार पत्र के संपादक भी रहे। उनके निधन से पत्रकारिता जगत को अपूरणीय क्षति पहुंची है।
वहीं निधन की खबर मिलते ही उनके आवास पर क्षेत्रीय लोगों, शुभचिंतकों और पत्रकारों का तांता लग गया। सभी ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त किया। रविवार को गोमती नदी के तट स्थित अमिलिया घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया जहां मुखाग्नि उनके पुत्र ओंकार त्रिपाठी ने दिया। इस दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्रीय प्रबुद्धजन, गणमान्य नागरिक, पत्रकार आदि मौजूद रहे।







