Jaunpur News: जौनपुर में धूमधाम से मनी दीपावली, रंगोली ने पर्व की रौनक को किया चार चांद

  • जौनपुर में धूमधाम से मनी दीपावली, रंगोली ने पर्व की रौनक को किया चार चांद

तेजस टूडे ब्यूरो
अजय पाण्डेय
जौनपुर। ज्योति पर्व दीपावली की शुरूआत वैसे तो धनतेरस के दिन से शुरू हो गयी है जिस दिन तमाम लोगों ने परम्परा के अनुसार घरेलू सामग्री की खरीददारी की लेकिन नरक चतुर्दशी के बाद रविवार को दीपावली का पर्व मनाया गया। दीपावली दीपों और उल्लास का त्योहार है जिसमें घर की सफाई के बाद रंगोली और सजावट का विशेष महत्व होता है। रंगोली संस्कृत शब्द ‘रंगावली’ से बना है जिसका अर्थ है रंगों की पंक्ति। दीपावली के दिन घर के मुख्य द्वार या आंगन में रंगोली बनाने की परम्परा है। मान्यता है कि सुन्दर और आकर्षक रंगोली से मां लक्ष्मी प्रसन्न होती हैं और उनका घर में आगमन होता है।
रंगोली बनाने के लिये चावल के आटे, रंग-बिरंगे गुलाल, प्राकृतिक रंगों या गेंदे और गुलाब की पंखुड़ियों का उपयोग किया जाता है। इसके अलावा कई लोग दाल और अनाज से भी पर्यावरण-अनुकूल रंगोली बनाते हैं। दीपावली पर स्वास्तिक, कमल का फूल, श्री गणेश, दीपक और मोर के डिजाइन बहुत शुभ माने जाते हैं। रंगोली के चारों तरफ मिट्टी के छोटे-छोटे दीये जलाने से उसकी खूबसूरती और बढ़ जाती है।

रंगोली के साथ घर की सजावट इस पर्व की रौनक में चार चांद लगा देती है। यह पारम्परिक और आधुनिक सजावट न केवल घर को मनमोहक बनाती है, बल्कि सकारात्मकता और सुख-समृद्धि का संचार भी करती है। कुल मिलाकर ज्योति पर्व दीपावली जिला मुख्यालय सहित ग्रामीणांचलों में धूमधाम एवं परम्परा के साथ मनायी गयी। जहां बच्चों ने रंगोली बनाकर आतिशबाजी का आनन्द लिये, वहीं बड़ों द्वारा घर में पकवान आदि बनाने के साथ श्री गणेश, मां लख्मी, भगवान कुबेर सहित अन्य देवी—देवताओं की पूजा—पाठ करके घर को दीपों से रोशन किया गया।