नौकरी के नाम पर 40 लोगों से 30 लाख की ठगी, एक साल से फरार आरोपी गिरफ्तार

तेजस टूडे ब्यूरो
मुकेश तिवारी
झांसी। नौकरी दिलाने के नाम पर करीब 40 लोगों से 25 से 30 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में नवाबाद थाना पुलिस ने एक साल से फरार चल रहे आरोपी राजेश मिश्रा को गिरफ्तार किया है। आरोपी को उसके चिरगांव स्थित आवास से पकड़ा गया। मामले में दूसरा आरोपी नशीम अहमद अभी वांछित है। पुलिस के मुताबिक 31 अगस्त 2025 को मनोज राय की तहरीर पर दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से रकम लेने के बाद वापस नहीं की गई। विवेचना के दौरान साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में कूटरचित दस्तावेज तैयार करने और इस्तेमाल करने से संबंधित धाराएं 467, 468 और 471 भादवि भी बढ़ाई गईं। प्रभारी निरीक्षक रवि श्रीवास्तव के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। उपनिरीक्षक निखिल कुमार ने चिरगांव पुलिस की मदद से आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार राजेश के खिलाफ पहले भी धोखाधड़ी समेत अन्य मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। उसे न्यायालय में पेश किया गया है जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।












