स्वीप कार्यक्रम में मतदाता जागरूकता अभियान आयोजित
डीएम ने विद्यार्थियों को दी निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी
तेजस टूडे ब्यूरो
अब्दुल शाहिद
बहराइच। ‘जागो रे जागो मतदाता’ अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले जनपद के सभी अर्ह नागरिकों तथा छूटे हुए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करने के उद्देश्य से सुनियोजित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता (स्वीप) अन्तर्गत महाराज सिंह इण्टर कालेज में आयोजित मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश पाण्डेय ने पहुंचकर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता व निबंध प्रतियोगिता का जायजा लिया।
उन्होंने छात्रों से संवाद करते हुए लोकतन्त्र के महत्व, मतदाता सूची में नाम दर्ज करने तथा लोकतन्त्र के महापर्व निर्वाचन में सहभागिता के साथ निर्वाचन प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं पर विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना आवश्यक है। विद्यार्थियों को प्रपत्र-6, 7 एवं 8 के उपयोग के बारे में विस्तारर्पूक जानकारी प्रदान की गई। अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी समय सारिणी के अनुसार 17 नवम्बर से 16 दिसम्बर तक दावे और आपत्तियां दाखिल की जा सकती हैं। 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हों, ऐसे नागरिक आयोग द्वारा निर्धारित प्रारूप-6 भरकर सम्बन्धित बूथ लेबिल आफिसर/कार्यालय निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी में जमा कर सकते हैं अथवा आयोग के ऐप ईसीआईएनईटी मोबाइल ऐप एवं वेबसाइट वोटर्स डाट ईसीआई डाट जीओवी डाट इन के माध्यम से भी सबमिट किये जा सकते हैं।
डीएम ने जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देश दिया कि सरकारी/अर्द्ध-सरकारी/गैर-सरकारी डिग्री कालेजों इण्टर कालेजों, समस्त डिग्री कालेजों और माध्यमिक विद्यालयों एवं में शैक्षणिक संस्थानों में इलैक्टोरल लिटरेसी क्लब (ई.एल.सी.) एवं चुनाव पाठशाला के माध्यम से 18 वर्ष के नए मतदाताओं (युवाओं) का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए। प्रत्येक ई.एल.सी. द्वारा अपने शिक्षण संस्थान में अधिकाधिक संख्या में लोगों को मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने हेतु विशेष शिविरों का आयोजन करते हुये नये मतदाताओं का पंजीकरण पर जोर दिया जाय। उन्होंने वोटर हेल्प लाइन एप आदि का प्रचार-प्रसार कराते हुए आम नागरिकों तथा युवाओं को अपने नाम की मतदाता सूची में जांच करने तथा नए पंजीकरण के लिए आनलाइन माध्यमों जैसे मतदाता सेवा पोर्टल और वोटर हेल्पलाइन मोबाईल एप का उपयोग करने हेतु भी लोगों को जागरूक किया जाय।
इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी अरूण कुमार, विद्यालय प्रबन्धक श्यामकरण टेकड़ीवाल, डीआईओएस सर्वदानंद, प्रधानाचार्य संतोष चन्द्र शुक्ला सहित तमाम लोग उपस्थित रहे जिन्होंने छात्रों को जागरूक भी किया।











