छठ पर्व पर ट्रेनों में उमड़ी यात्रियों की भारी भीड़, घर जाने के लिये करनी पड़ रही मशक्कत
सीटों के लिये यात्रियों को करना पड़ रहा इंतजार
अतिरिक्त ट्रेनें चलाने की रेल अधिकारियों से मांग

तेजस टूडे ब्यूरो
दीपक कुमार
मुगलसराय, चन्दौली। छठ महापर्व को लेकर रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिली। पर्व पर अपने घर पहुंचने की जल्दबाजी में बड़ी संख्या में लोग रेलवे स्टेशन पहुंच रहे हैं। इसके चलते लंबी दूरी की ट्रेनों के साथ ही एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों में भी यात्रियों की काफी भीड़ उमड़ रही है। ट्रेनों में जगह नहीं मिलने से यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
छठ महापर्व को लेकर दूसरे शहरों में नौकरी, व्यवसाय और पढ़ाई करने वाले लोग अपने घर लौट रहे हैं। कोई परिवार के साथ तो कोई अकेले ही घर पहुंचने की कोशिश में जुटा है। ऐसे में ट्रेनों में यात्रियों की संख्या बढ़ने से सफर करना मुश्किल हो गया है। जनरल कोचों में पैर रखने तक की जगह नहीं मिल रही है। वहीं आरक्षित कोचों में भी यात्रियों की भीड़ देखने को मिल रही है। कई यात्रियों को ट्रेन में सवार होने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।
यात्रियों ने बताया कि छठ महापर्व परिवार के साथ मनाना सभी के लिए विशेष महत्व रखता है। ऐसे में समय से घर पहुंचना जरूरी है लेकिन ट्रेनों में अत्यधिक भीड़ के कारण सफर करना चुनौती बन गया है। सबसे अधिक परेशानी महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को उठानी पड़ रही है। कई बार ट्रेन में जगह नहीं मिलने के कारण यात्रियों को दूसरी ट्रेन का इंतजार करना पड़ रहा है। यात्रियों ने रेल अधिकारियों से मांग किया कि छठ महापर्व को देखते हुए प्रमुख रूटों पर अतिरिक्त ट्रेनों का संचालन कराया जाय। साथ ही नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए जाएं, ताकि यात्रियों को राहत मिल सके और वे आसानी से अपने घर पहुंचकर छठ महापर्व मना सकें।







