एसएसपी ने परखीं पुलिस लाइन की व्यवस्थाएं, लापरवाही न बरतने के दिये निर्देश
तेजस टूडे ब्यूरो
मुकेश तिवारी
झांसी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने शुक्रवार को पुलिस लाइन में आयोजित साप्ताहिक परेड का निरीक्षण कर सलामी ग्रहण किया। इसके बाद क्वार्टर गार्ड, शस्त्रागार, परिवहन शाखा, रेडियो शाखा एवं यूपी-112 सहित विभिन्न शाखाओं का जायजा लिया। इस दौरान एसएसपी ने शस्त्रों, कारतूसों, अभिलेखों और उपलब्ध उपकरणों की स्थिति परखी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सरकारी संपत्ति के उचित रख-रखाव, अभिलेखों को अद्यतन रखने और कार्यप्रणाली में अनुशासन व समयबद्धता बनाए रखने के निर्देश दिए। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि जनशिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, त्वरित पुलिस रिस्पॉन्स और जनसुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिये।











