एटीएम मशीन में टेम्परिंग करके चोरी करने वाले दो गिरफ्तार, रूपये व औजार बरामद
तेजस टूडे ब्यूरो
रूपा गोयल
बांदा। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के कुशल निर्देशन में जनपद में अपराध एवं अपराधियों पर नियंत्रण लगाये जाने तथा वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु की जा रही है। कार्यवाही के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज के निकट पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर सौरभ सिंह के नेतृत्व में थाना कोतवाली नगर पुलिस द्वारा एटीएम मशीन से छेड़छाड़/टेम्पररिंग कर कैश डिस्पेंसिंग स्लॉट में कृत्रिम शटर लगाकर नकदी रुपए चोरी करने वाले दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
गौरतलब हो कि बीते 11 नवंबर को थाना कोतवाली नगर पर परशुराम तालाब के रहने वाले वीरेन्द्र कुमार ने थाना कोतवाली नगर पर सूचना दी कि 10/11 नवंबर 2026 की रात्रि में बंगाली पुरा स्थित एक एटीएम से 15 हजार रुपए निकालने गए थे। निकालने की सारी प्रक्रिया पूरी करने के बाद भी जब रुपए नहीं निकले तो उन्हे आभास हुआ कि एटीएम में कुछ गड़बड़ी/छेड़छाड़ की गई है। साथ ही अन्य व्यक्ति द्वारा भी बताया गया उसके भी 05 रुपए सारी प्रक्रिया पूरी करने के बाद भी नही निकले है।
सूचना पर तत्काल थाना कोतवाली नगर में अभियोग पंजीकृत करते हुए मामलें की जांच व अभियुक्तों की पहचान पर गिरफ्तारी हेतु टीमें गठित की गई। पुलिस टीम द्वारा सीसीटीवी फुटेज व अन्य सभी प्रकार के इलेक्ट्रानिक व भौतिक साक्ष्यों का संकलन करते हुए घटना में शामिल 2 अभियुक्तों की पहचान कर मुखबिर की सूचना पर महोखर बाईपास से गिरफ्तार कर लिया गया। अभियुक्तों के कब्जे से एटीएम मशीन से छेड़छाड़ करके निकाले गये रुपये सहित घटना में प्रयुक्त औजार सहित एक मोटरसाइकिल भी बरामद किया गया। कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि वे दोनों मिलकर एटीएम में छेड़छाड़ कर नकदी चोरी करते थे।
चोरी करने के लिए वे एटीएम के कैश डिस्पेंसिंग स्लाट (जहाँ से ग्राहक को नकदी प्राप्त होती है) के सामने लगे कवर/पल्ले को प्लास से क्षतिग्रस्त कर उसमें टेप एवं फेवीक्विक की मदद से एक कृत्रिम शटर लगा देते थे। इसके बाद कवर को पुनः चिपका देते थे जिससे बाहर से एटीएम सामान्य दिखाई देता था। इस छेड़छाड़ के कारण जब कोई ग्राहक एटीएम से नकदी निकालने का प्रयास करता था तो मशीन द्वारा नकदी जारी होने के बावजूद वह ग्राहक तक नहीं पहुँच पाती थी और लगाए गए कृत्रिम शटर में फंस जाती थी। ग्राहकों के जाने के बाद दोनों व्यक्ति एटीएम के कवर को खोलकर फंसी हुई नकदी निकाल लेते थे। पुलिस द्वारा इस सम्बन्ध गहनता से जांच की जा रही है कि इनके द्वारा और किन-किन स्थानों पर इस तरह की घटनाओं को अंजाम दिया गया है। साथ ही इनके आपराधिक इतिहास के भी बारे में जानकारी की जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्तों में करन पुत्र अशोक निवासी बवारा सवारा थाना गाजीपुर जनपद फतेहपुर व अजय पुत्र रामदास निवासी कंचन पुरवा थाना गाजीपुर जनपद फतेहपुर शामिल है।











