मजबूत सुरक्षा एवं बेहतर परिवहन से सुगम हुआ त्योहारों का सफर
जिले के हर सर्किट में एक पीआरबी में महिला पुलिसकर्मी की तैनाती
यात्रियों की उपलब्धता के आधार पर रोडवेज ने तैयार किया बसों का बेड़ा
तेजस टूडे ब्यूरो
रूपा गोयल
बांदा। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के सुशासन और चाक-चौबंद कानून व्यवस्था का असर अब धरातल पर साफ नजर आने लगा है। प्रदेश में बेहतर होती सुरक्षा व्यवस्था के कारण अब आम नागरिकों और विशेषकर महिलाओं को रात्रि के समय यात्रा करने में किसी भी प्रकार का भय नहीं लगता है। इसका प्रत्यक्ष प्रमाण वर्तमान पर्व-त्योहारों और छठ महापर्व के दौरान देखने को मिल रहा है जहां रोडवेज की नाइट सर्विस बसों से यात्री बसें बेखौफ़ सफर कर रहे हैं। सरकार की बेहतर नीतियों और प्रशासनिक मुस्तैदी ने आमजन के भीतर सुरक्षा का एक नया विश्वास पैदा किया है।
त्योहारों के मद्देनजर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बांदा पुलिस प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है। बांदा के अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि छठ पर्व को लेकर पुलिस विभाग हाई अलर्ट पर है। रात्रि में सफर करने वाले यात्रियों और विशेषकर महिला यात्रियों की सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी जा रही है। इसके लिए जनपद के प्रत्येक सर्कल में एक स्पेशल पीआरवी तैनात की गई है जिसमें महिला पुलिसकर्मियों की भी ड्यूटी लगाई गई है। रात्रि के समय किसी भी प्रकार की सूचना या फोन आने पर यह टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर सहायता प्रदान करती है। इतना ही नहीं, सुरक्षा के दृष्टिकोण से अकेली यात्रा कर रही महिलाओं को पुलिस टीम द्वारा उनके घर तक सुरक्षित छोड़ने की व्यवस्था भी की गई है।
इसके आलावा जिले के लगभग सभी प्रमुख मार्गों पर पीआरवी की तैनाती की गई है जो लगातार भ्रमणशील रहकर हर स्थिति पर पैनी नजर रख रही हैं। दूसरी ओर यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाने के लिए परिवहन निगम भी पूरी तरह तैयार है। चित्रकूट मंडल के रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक राकेश कुमार ने बताया कि छठ पर्व पर यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। अलग-अलग रूटों पर जाने वाले यात्रियों की उपलब्धता और भीड़ के आधार पर अतिरिक्त बसों का संचालन किया जा रहा है, ताकि किसी भी यात्री को असुविधा का सामना न करना पड़े। शासन की मंशानुरूप सुरक्षित पुलिस व्यवस्था और सुलभ परिवहन सेवाओं के इस बेहतर तालमेल से क्षेत्र के यात्रियों में खासा उत्साह है।











