दो घरों से लाखों के जेवर एवं 50 हजार नगदी समेट ले गये चोर
तेजस टूडे ब्यूरो
इमलिया सुल्तानपुर, सीतापुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के केशवपुर गांव में चोरों ने दो घरों को निशाना बनाते हुए नकदी और जेवरात समेत अन्य सामान चोरी कर लिया। पीड़ितों ने थाने में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। पीड़ितों के प्रार्थना पत्र के अनुसार 21 अक्टूबर की रात करीब 12 बजे से तीन बजे के बीच चोरों ने घर में घुसकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। किसी तरह घर में घूसकर कमरे के दरवाजे खोलकर चोर अंदर पहुंचे और अलमारी व बक्से में रखा सामान खंगाल लिया। जितेंद्र सिंह पुत्र कन्धई सिंह के अनुसार चोरी में गए सामान में सोने की 7 अंगूठियां, 1 सोने का हार, गले की 2 चेन, सोने के 4 कंगन, 1 सेट झाला, 6 जोड़ी पायल, 5 जोड़ी बिछिया, तथा करीब 50 हजार रुपये नकदी की बात प्रार्थना पत्र में लिखी है। वहीं दूसरी घटना में अशोक सिंह के अनुसार 1 जोड़ी झाला, 1 जोड़ी कुंडल, 2 जोड़ी पायल,2 जोड़ी बिछिया और 3 हजार रुपए नगदी ले गए चोर। इसके सम्बन्ध में थानाध्यक्ष आशीष तिवारी से जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया कि जानकारी मिली है। जांच कर उचित कार्रवाई की जायेगी।













