ब्रम्हभोज में गया था युवक, गांव के बाहर पेड़ पर लटकती मिली लाश
अजय जायसवाल
गोरखपुर। खोराबार क्षेत्र के सनँहा गांव के बाहर ताल में आम के पेड़ से चाफा गाँव निवासी 22 वर्षीय शनि की लटकती हुई लाश मिली। घर से ब्रम्हभोज में शामिल होने के लिए शनि निकला था। शव देखकर हत्या के बाद लटकाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि कुछ लोगों का कहना है कि उसने ब्याज पर पैसा लिया था। पैसा न दे पाने से परेशान था। पुलिस इसे खुदकशुी मान रही है हालांकि पीएम रिपोर्ट के बाद स्थिति स्पष्ट होने की बात कह रही है।
मिली जानकारी के अनुसार शनि निषाद शुक्रवार की शाम गाँव में एक व्यक्ति के वहां ब्रम्हभोज में शामिल होने गया था। घर पर उसकी माँ गायत्री व बहन संजना इंतजार करती रही लेकिन रात में वह घर नहीं आया। शनिवार की सुबह ग्रामीणों ने ताल में आम के पेड़ से लटकती हुई उसकी लाश देखी और घरवालों के साथ ही पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया। क्राइम सीन के मुताबिक फंदे से लटकते हुए सिर आगे की ओर झुका था। मुंह भी हल्का खुला हुआ था। आंख बंद थी। शव देखकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि शनि गाँव के एक व्यक्ति से ब्याज पर पैसा लिया था। कर्ज देने वाला बार-बार तगादा कर रहा था। शनि तीन भाइयों में दूसरे नम्बर का था। उसकी अभी शादी नहीं हुई थी। बड़ा भाई सूरज तो छोटा बिरजू है। बड़े भाई की भी शादी नहीं हुई है हालांकि छोटे भाई बिरजू ने नौसढ़ में शादी की है। घटना के समय बिरजू की पत्नी मायके में थी। घटना की जानकारी होने पर सुबह घर आई है। मृतक के पिता गोविंद, भाई सूरज तथा बिरजू पेंट पोलिश का काम करते हैं। तीनों बाहर हैं। शनि भी बाहर रहकर पेंट पोलिश करता था। दो माह पहले घर आया था। इंस्पेक्टर नरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि प्रथमदृष्टया मामला सुसाइड का लग रहा है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह स्पष्ट हो जाएगी।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।