थ्रेसर मशीन पलटने से किशोर की हुई मौत, दो घायल
पिता ने मजदूरी कराने ले जाने का लगाया आरोप
तेजस टूडे ब्यूरो
आशीष पचौरी
फिरोजाबाद। फरिहा थाना क्षेत्र के गांव अहमदपुर मढ़ा में थ्रेसर मशीन पलटने से दर्दनाक हादसा हो गया। मशीन के नीचे दबकर तीन किशोर घायल हो गये जिनमें 15 वर्षीय कन्हैया की मौत हो गई जबकि दो अन्य किशोर घायल हो गए। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। जानकारी के अनुसार अहमदपुर मढ़ा में थ्रेसर मशीन पलट गई जिसके नीचे तीन किशोर दब गए। हादसे में कन्हैया ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि दो अन्य किशोर घायल हो गये। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। मृतक के पिता ने आरोप लगाया कि ट्रैक्टर चालक उनके बेटे को बिना जानकारी दिए मजदूरी कराने के लिए घर से ले गया था। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किशोर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है। घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।











