एनडीआरएफ की 11वीं वाहिनी का सीबीआरएन आपदा विषयक हुआ मॉक अभ्यास
तेजस टूडे ब्यूरो
गोविन्द वर्मा
बाराबंकी। आपदा प्रबंधन की तैयारियों को सुदृढ़ करने तथा रासायनिक, जैविक, रेडियोलॉजिकल एवं परमाणु आपदाओं से निपटने की कार्यक्षमता को परखने के उद्देश्य से रिलायंस सीबीजी प्लांट में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की 11वीं वाहिनी वाराणसी के सहयोग से सीबीआरएन आपदा विषयक मॉक अभ्यास किया गया।
इस दौरान एनडीआरएफ की टीम ने संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए। आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली कार्यवाही एवं राहत-बचाव संबंधी तैयारियों का अभ्यास किया। इसका मुख्य उद्देश्य संभावित आपदा की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना, उपलब्ध संसाधनों का समुचित उपयोग तथा विभिन्न विभागों के मध्य बेहतर तालमेल स्थापित करना रहा।
उक्त मॉक अभ्यास के सफल आयोजन के लिए 18 नवम्बर को कलेक्ट्रेट स्थित लोक सभागार में टेबल टॉप एक्सरसाइज की गई थी। इसमें एनडीआरएफ के प्रतिनिधियों द्वारा विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं स्टेकहोल्डर्स को सीबीआरएन आपदाओं के संभावित खतरों, बचाव एवं न्यूनीकरण के उपायों तथा आपातकालीन परिस्थितियों में उनकी विभागीय जिम्मेदारियों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई थी। इसी क्रम में चिन्हित स्थल रिलायंस सीबीजी प्लांट पर मॉक अभ्यास संपन्न कराया गया। इस अवसर पर एनडीआरएफ की टीम के प्रतिनिधियों के साथ पुलिस, स्वास्थ्य, अग्निशमन, विद्युत, राजस्व, उद्योग, होमगार्ड सहित विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।











