नवम्बर के अन्त तक शुरू होगा सुहाग नगर-सुभाष चौक फ्लाईओवर: डीएम

तेजस टूडे ब्यूरो
आशीष पचौरी
फिरोजाबाद। शहरवासियों को जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए सुहाग नगर चौराहे से सुभाष चौक और जैन मंदिर तक बन रहे दो लेन फ्लाईओवर को नवंबर के अंत तक आम जनता के आवागमन के लिए शुरू करने की तैयारी है। जिलाधिकारी संतोष शर्मा ने गुरुवार को निर्माणाधीन फ्लाईओवर का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को शेष कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता की जांच आईआईटी अथवा किसी थर्ड पार्टी से कराने को भी कहा। इस दौरान सेतु निगम के अधिकारियों ने जिलाधिकारी को परियोजना की प्रगति से अवगत कराया। अधिकारियों के अनुसार फ्लाईओवर की कुल लंबाई 1291.69 मीटर है और इसकी मूल स्वीकृत लागत 72 करोड़ 69 लाख 78 हजार रुपये निर्धारित की गई थी। परियोजना का 98 प्रतिशत भौतिक कार्य पूरा हो चुका है जबकि वित्तीय प्रगति 92 प्रतिशत बताई गई।
फ्लाईओवर का मुख्य निर्माण लगभग पूरा
सेतु निगम के अधिकारियों ने बताया कि फ्लाईओवर की नींव, सब-स्ट्रक्चर, डेक और बॉक्स गर्डर का निर्माण पूरा हो चुका है। वर्तमान में क्रैश बैरियर लगाने का काम तेजी से किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने शेष कार्यों को तय समय सीमा में पूरा करने के साथ ही निर्माण में गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।
सर्विस रोड के काम में भी तेजी लाने के निर्देश
फ्लाईओवर के साथ सर्विस रोड निर्माण की प्रक्रिया भी चल रही है। अधिकारियों ने बताया कि इसके निर्माण के लिए तकनीकी बिड खोली जा चुकी है जबकि वित्तीय बिड से संबंधित प्रक्रिया जारी है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सर्विस रोड सहित बाकी कार्यों को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाय जिससे फ्लाईओवर शुरू होने पर लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
सुरक्षा एंव गुणवत्ता पर विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण स्थल पर काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा का ध्यान रखने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि श्रमिकों को आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जाएं और निर्माण कार्य पूरी सावधानी के साथ कराया जाए। उन्होंने अक्टूबर के अंत तक शेष निर्माण कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरा करने पर जोर दिया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी नगर और सेतु निगम के अधिकारी मौजूद रहे। फ्लाईओवर के नवंबर के अंत तक शुरू होने से शहर के इस मार्ग पर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।









