मिलावट करने वालों पर होगी सख़्त कार्यवाही: डीएम
मुकेश तिवारी
झांसी। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के कार्यों की समीक्षा एवं जिला स्तरीय खाद्य सुरक्षा सलाहकार समिति की बैठक के दौरान डीएम रविंद्र कुमार ने कहा कि जनपदवासियों के लिए सुरक्षित व स्वास्थ्यप्रद खाद्य एवं औषधि की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन प्रतिबद्ध है। जनपद में अधोमानक, नकली, मिलावटी अथवा प्रतिबन्धित खाद्य पदार्थों एवं दवाओं का निर्माण, बिक्री और वितरण किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं होगा। ऐसी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखें। नगर में जगह-जगह खाद्य पदार्थों के ढेलों की अभियान चलाते हुए, जांच करें और नमूना भी जरूर लें।
मिलावटखोरी आमजन के जीवन से खिलवाड़ है। किसी भी सूरत में मिलावटखोरी को सहन नहीं किया जाएगा। सुरक्षा को लेकर खाद्य पदार्थों की जांच की कार्यवाही तेज की जाए। मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री की हर शिकायत पर तत्काल कार्यवाही हो और मिलावटखोरों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाए। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने निर्देश देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय सहित अन्य विद्यालयों, स्कूलों के आसपास जो खाद्य पदार्थों की बिक्री की जा रही है, उसकी अभियान चलाते हुए जांच करें साथ ही सैंपुल लें, जिससे खाद्य पदार्थों को लैब के माध्यम से गुणवत्ता को जांचा जा सके और गड़बड़ी पाए जाने पर सख्त कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने बैठक में उपस्थित प्रत्येक फूड इंस्पेक्टर में भ्रमण के दौरान सैंपल लिए जाने की जानकारी ली, निर्देश दिए कि सावधानीपूर्वक खाद्य पदार्थों के सैंपुल लिए जाने की जानकारी ली।
उन्होंने निर्देश दिए कि सावधानीपूर्वक खाद्य पदार्थों के सैंपुल लेना सुनिश्चित करें, जांच उपरांत यदि सैंपुल फेल होता है तो दण्ड दिलाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने लंबित सैंपुल की समीक्षा करते हुए कहा कि जल्द से जल्द परिणाम प्राप्त करना सुनिश्चित करें। बैठक में जिलाधिकारी ने जनपद के न्यायालयों में वादों के लंबित होने पर नाराजगी व्यक्त की और निर्देश दिए कि प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करते हुए अधिकतम वादों का निस्तारण कराया जाए। उन्होंने कहा की खाद्य पदार्थ अधोमानक पाए जाने पर विभिन्न प्रावधानों एवं धाराओं के अंतर्गत दंड दिलाया जाना भी सुनिश्चित किया जाए।
विकास भवन सभागार में आयोजित खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की जिला स्तरीय समिति की बैठक में अभिहित अधिकारी, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन चितरंजन कुमार ने बताया कि जनपद में एक क्लीन स्ट्रीट, फूड हब का प्रमाणीकरण एटीन्थ फ्लेवर सदर बाजार झॉसी का करा लिया गया है तथा एक अन्य क्लीन स्ट्रीट, फूड हब हेतु नगर निगम के द्वारा चिन्हित किया गया है, अन्य के लिए स्थान चिन्हित करने की कार्यवाही प्रचलित है। बैठक में जिला आबकारी अधिकारी को निर्देश दिए कि जनपद के सभी 250 आबकारी की दुकानों का खाद्य लाइसेंस बनवाया जाना सुनिश्चित करें। जनपद की खाद्य प्रसंस्करण इकाईयों को खाद्य लाइसेंस से आच्छादित किये जाने की आवश्यकता पर जिलाधिकारी ने सम्बन्धित विभाग से समन्वय स्थापित कर कार्य करने को कहा।
एन.डी.पी.एस. से सम्बन्धित दवाइयों के सम्बन्ध में जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने निर्देशित किया कि सरकार द्वारा गाइडलाइन का अनुपालन सुनिश्चित करते हुये औषधि विक्रेताओं को दवाई देने को कहा साथ ही उन्होंने सीएचसी, पीएचसी के करीब स्थित जनरल स्टोर किराना स्टोर की दुकान पर दवाई की विक्री पर कड़ाई से रोक लगाने हेतु निर्देशित किया गया। इस मौके पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुधाकर पांडेय, नगर मजिस्ट्रेट अंकुर श्रीवास्तव, सहायक आयुक्त खाद्य-2 एवं अभिहित अधिकारी चितरंजन कुमार, मृदुल कांत श्रीवास्तव, डीपीआरओ जेआर गौतम, समाज सेविका डॉ. नीति शास्त्री, ड्रग विक्रेता एसोसिएशन के अध्यक्ष राजकुमार अग्रवाल, ड्रग इंस्पेक्टर राजकुमार, सुश्री दिव्या त्रिपाठी, दीपक कुमार आदि उपस्थित रहे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।













