आवारा पशु बढ़ायेंगे श्रद्धालुओं की मुश्किलें, हादसों का मंडरा रहा खतरा
सड़कों पर घूम रहे मवेशी, कई दुर्घटनाओं के बावजूद जिम्मेदार बेखबर
तेजस टूडे सं.
बृजेन्द्र कुमार
डलमऊ, रायबरेली। ऐतिहासिक प्रांतीय कार्तिक पूर्णिमा मेले में लाखों श्रद्धालुओं के उमड़ने की संभावना है लेकिन मेले की तैयारियों के बीच सड़कों पर घूम रहे आवारा पशु श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बने हुए हैं। डलमऊ कस्बे के प्रमुख मार्गो एवं चौराहों पर आवारा मवेशियों का जमावड़ा लगा रहता है। दिन हो या रात, सड़कों पर बैठे और अचानक आपस में लड़ते मवेशी राहगीरों तथा वाहन चालकों के लिए मुसीबत बने हुए हैं। आवारा पशुओं के कारण क्षेत्र में पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, उसके बाद भी जिम्मेदारों ने कोई ठोस कदम उठाना उचित नहीं समझा।
अब जब कार्तिक पूर्णिमा मेले को दो-चार दिन ही बचे हैं उसके बाद जिम्मेदार लोगों की नजर इन आवारा पशुओं पर नहीं पड़ रही है। डलमऊ क्षेत्र में लगने वाले कार्तिक पूर्णिमा मेले में प्रदेश के विभिन्न हिस्सों एवं दूर-दराज से लाखों की संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए गंगा तट डलमऊ पहुंचेंगे। गंगा स्नान के लिए श्रद्धालु अपने निजी वाहनों और पैदल यात्रियों की भीड़ के बीच ये मवेशी किसी बड़े हादसे की वजह बन सकते हैं। सबसे चिंताजनक स्थिति रात के समय होती है जब यह आवारा पशु झुंड बनाकर सड़कों पर जगह-जगह बैठे रहते हैं और इधर—उधर दौड़ लगाते हैं। ऐसी स्थिति में वाहन चालकों के साथ आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं।
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर वाहनों एवं पैदल चल कर आने वाले श्रद्धालुओं, महिलाओं एवं बच्चों के लिए इनसे टकराने तथा हमले का खतरा बना रहता है। मेले की व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन लगातार बैठकें और निरीक्षण कर रहा है लेकिन सड़कों पर घूम रहे आवारा पशुओं को हटाने की व्यवस्था अब तक नजर नहीं आ रही है। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है? श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए जरूरी है कि मेला शुरू होने से पहले आवारा पशुओं को सड़कों से हटाकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए, ताकि आस्था के इस महापर्व पर किसी की खुशियां हादसे में न बदले।











