कोलकाता में मिला गोरखपुर स्टेशन से चोरी हुआ बच्चा, मां-बेटा गिरफ्तार
अजय जायसवाल
गोरखपुर। रेलवे स्टेशन के वेटिंग हाल से चोरी हुआ फिरोजाबाद की महिला का 14 माह का बच्चा चार दिन की तलाश के बाद कोलकाता में मिला। छपरा की रहने वाली महिला ने बेटे की मदद से वारदात को अंजाम देने के बाद दो लाख रुपये में बच्चे को बेचा था। सीसी कैमरा फुटेज व सर्विलांस की मदद से जीआरपी की टीम ने आरोपित महिला व उसके बेटे को शुक्रवार की सुबह गिरफ्तार कर लिया। दोपहर बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। एसपी रेलवे डॉ. अवधेश सिंह ने प्रेस वार्ता कर बताया कि फिरोजाबाद, खैरगढ़ के नगला भवानी के रहने वाले नरेंद्र बघेल कंप्यूटर सेंटर चलाते हैं। 17 जुलाई की सुबह पत्नी हेमा से उनका विवाद हो गया। दवा लेने के बहाने अपने 14 माह के बेटे मृदुल को लेकर घर से निकली हेमा टूंडला रेलवे स्टेशन पहुंची और गुवाहाटी जा रही ट्रेन में बैठ गई। 19 जुलाई की सुबह पहुंचने के बाद शाम को ट्रेन पकड़कर अगले दिन सुबह नरकटियागंज पहुंचीं। यात्रियों की मदद से बेटे को भोजन कराने के बाद शाम को रक्सौल जा रही ट्रेन में बैठ गईं। वहां पहुंचने के बाद स्टेशन के बाहर मंदिर में पहुंची, जहां एक महिला मिली। उसने हेमा के लिए भोजन व उसके बेटे के लिए दूध की व्यवस्था की। अगले दिन शाम को हेमा सत्याग्रह एक्सप्रेस पकड़कर गोरखपुर पहुंचीं तो उनके साथ महिला गीता भी चली आई। वह रक्सौल में सब्जी बेचती थी।
नींद खुली तो बच्चा गायब
21 जुलाई की भोर में गोरखपुर रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद बच्चे के साथ दोनों वेटिंग हाल में सो गए। सुबह हेमा की नींद खुली तो बच्चा गायब था। इसकी जानकारी उन्होंने जीआरपी थाना प्रभारी को दी। अपहरण का मुकदमा दर्जकर बच्चे की तलाश में जुटे जीआरपी थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने सीसी कैमरा फुटेज व सर्विलांस की मदद से छपरा (बिहार) के टाउन नगर, पूर्वी दहियावा की रहने वाली गीता देवी व उसके बेटे सोनू कुमार उर्फ राहुल को उसके घर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में पता चला कि उन्होंने बच्चे को कोलकाता में रहने वाली एक महिला को दो लाख रुपये में बेचा है। दोनों की निशानदेही पर अपहृत बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया गया। एसपी रेलवे ने बताया कि टीम में शामिल पुलिसकर्मियों को 10 हजार रुपये का इनाम दिया गया।

आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।











