HomeTrendingभू—विज्ञान में करियर की अपार सम्भावनाएं, पूर्व छात्रों ने दिये सफलता के...

भू—विज्ञान में करियर की अपार सम्भावनाएं, पूर्व छात्रों ने दिये सफलता के मंत्र

  • भू—विज्ञान में करियर की अपार सम्भावनाएं, पूर्व छात्रों ने दिये सफलता के मंत्र

  • बुंदेलखण्ड विश्वविद्यालय में हुआ छात्र-पूर्व छात्र संवाद

तेजस टूडे ब्यूरो
मुकेश तिवारी
झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के भू—विज्ञान विभाग के 27वें स्थापना वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित स्थापना माह समारोह के तहत शुक्रवार को छात्र-पूर्व छात्र संवाद एवं करियर मार्गदर्शन सत्र आयोजित किया गया। इसमें विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को भूविज्ञान के क्षेत्र में रोजगार, उद्योग और शोध की संभावनाओं से रूबरू कराया। मुख्य वक्ता अल्ट्राटेक सीमेंट के मैनेजर एवं विभाग के पूर्व छात्र अद्वय सक्सेना तथा वाडिया हिमालय भूविज्ञान संस्थान के वैज्ञानिक डॉ. समीर तिवारी ने अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को करियर निर्माण का गुर बताया। साथ ही कहा कि विषय का व्यावहारिक ज्ञान, तकनीकी दक्षता और निरंतर परिश्रम सफलता की महत्वपूर्ण कुंजी हैं।
विभागाध्यक्ष प्रो. विनोद सिंह ने कहा कि खनिज संपदा से समृद्ध बुंदेलखंड क्षेत्र देश के आर्थिक विकास में अहम भूमिका निभाने की क्षमता रखता है। उन्होंने विभाग की 27 वर्षों की शैक्षणिक एवं शोध यात्रा को उपलब्धिपूर्ण बताते हुए कहा कि विभाग निरंतर नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने बताया कि दो से 30 नवंबर तक स्थापना माह के अंतर्गत विद्यार्थियों, शोधार्थियों, स्कूली बच्चों और आमजन के लिए विविध शैक्षणिक एवं रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस अवसर पर प्रो. एम.एम. सिंह, डॉ. चेतन आनंद दुबे, डॉ. प्रतिज्ञा पाठक सहित विभाग के शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

 

 

 

 

Must Read