स्व चेतना से ही स्वयं का विकास हो सकता संभव : डॉ.शुभांगी
सिफ्सा बुंदेलखंड विश्वविद्यालय ने मानसिक स्वास्थ्य और जीवन कौशल पर आयोजित किया कार्यशाला
मुकेश तिवारी
झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी के राज्य परिवार नियोजन अभिनवीकरण सेवा परियोजना इकाई ने स्नातक प्रथम सत्र अंग्रेजी के विद्यार्थियों के लिए मानसिक स्वास्थ्य और जीवन कौशल विकास पर मंगलवार को कार्यशाला का आयोजन किया। कार्यशाला में प्रशिक्षक के रूप में प्रशिक्षण प्राप्त शिक्षक नोडल अधिकारी डॉ.श्वेता पांडेय, कार्यक्रम अधिकारी सिफ्सा डॉ.उमेश कुमार, डॉ.शुभांगी निगम ने विद्यार्थियों को प्रशिक्षित किया।
इस अवसर पर प्रशिक्षक डॉ.शुभांगी निगम ने कहा कि विद्यार्थियों को स्वयं के विकास के लिए पहले स्व चेतना का विकास करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि शरीर और मन की सही तरीके से व्यवस्थित करके ही हम अपना और समाज का विकास कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि शारीरिक रूप से अस्वस्थ होने पर हम डॉक्टर के पास चले जाते हैं लेकिन मानसिक रूप से अस्वस्थ होने पर हम कभी भी डॉक्टर के पास नहीं जाते हैं। उन्होंने कहा कि यह जो एक भ्रांति बनी हुई है कि मनोचिकित्सक से मिलना और चर्चा करना गलत है।
समाज में इसके लिए मानसिक बदलाव लाने की जरूरत है। नोडल अधिकारी डॉ.श्वेता पांडेय ने विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य देखभाल विधेयक, मानसिक स्वास्थ्य देखभाल के तरीके और भ्रांतियां पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि शारीरिक रूप के साथ ही मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति के लिए सरकार ने कानून बनाया हुआ है। प्राकृतिक अधिकार सभी को प्राप्त हैं और मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति को गरिमापूर्ण जीवन जीने का अधिकार है। कार्यक्रम अधिकारी डॉ.उमेश कुमार ने भारत में मानसिक स्वास्थ्य की स्थिति, विश्व में मानसिक स्वास्थ्य की स्थिति, मानसिक स्वास्थ्य के प्रति भ्रांतियां, मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आज मानसिक स्वास्थ्य की समस्या एक बड़ी गंभीर समस्या बन गई है।
जागरूकता के द्वारा ही हम मानसिक स्वास्थ्य को ठीक कर सकते हैं। डॉ.कुमार ने मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करने वाले कारकों के विषय में भी चर्चा की।इस अवसर पर ललित कला संस्थान के शिक्षक दिलीप कुमार, अंग्रेजी विभाग की समन्वयक शिप्रा वशिष्ठ, शोधार्थी बृजेश पाल, विजया, रेखा एवं स्नातक प्रथम सत्र अंग्रेजी के विद्यार्थी उपस्थित रहे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।












