जनपदवासियों को आवारा कुत्तों की समस्या से मिलेगी निजात
डीएम के प्रयास से बहराइच में शीघ्र बनेंगे ‘शेल्टर हाउस’
तेजस टूडे ब्यूरो
अब्दुल शाहिद
बहराइच। जिले के ग्रामीण व नगरीय क्षेत्रों में स्वच्छंद विचरण करने वाले आवारा कुत्तों के लिए शेल्टर हाउस का निर्माण करने, अवारा कुत्तों के बंध्याकरण एवं टीकाकरण के उद्देश्य से सोमवार को देर शाम कलेक्ट्रेट स्थित डीएम कक्ष में जिलाधिकारी राजेश पाण्डेय की अध्यक्षता में बैठक सम्पन्न हुई। बैठक के दौरान डीएम द्वारा आवारा कुत्तों के लिए शेल्टर हाउस बनाये जाने के निर्देश दिये गये। बैठक के दौरान अधि.अधि. नगर पालिका परिषद ने बताया कि नगर क्षेत्र बहराइच हेतु स्थल चयन कर प्रस्ताव भेजा जा चुका है। डीएम द्वारा निर्देश दिया गया कि नगर पालिका नानपारा एवं नगर पंचायत कैसरगंज में भी शेल्टर भवन निर्माण हेतु भूमि का चिन्हांकन कर शासन को प्रस्ताव भेजा जाय, ताकि शीघ्र से शीघ्र शासन स्तर से धनावंटन कराकर शेल्टर होम का निर्माण कराया जा सके जिससे नगरवासियों को अवारा कुत्तों के कारण होने वाली समस्या का निदान हो सके। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सुनील धनवंता, अपर जिलाधिकारी अरूण कुमार, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डाॅ. राजेश उपाध्याय सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी मौजूद रहे।













