HomeJaunpurJaunpur News: कस्तूरबा की छात्रा नन्दिता बनी एक दिन की क्षेत्राधिकारी, सुनीं...

Jaunpur News: कस्तूरबा की छात्रा नन्दिता बनी एक दिन की क्षेत्राधिकारी, सुनीं फरियादियों की शिकायतें

  • कस्तूरबा की छात्रा नन्दिता बनी एक दिन की क्षेत्राधिकारी, सुनीं फरियादियों की शिकायतें

  • घरेलू हिंसा की शिकायत पर छात्रा ने दिये कार्यवाही के निर्देश

तेजस टूडे सं.
चन्दन अग्रहरि
शाहगंज, जौनपुर। स्थानीय तहसील मुख्यालय स्थित पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय में मिशन शक्ति तहत एक दिन के लिए एक छात्रा को सीओ की कुर्सी सौंपी गई। प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन हेतु चलाए जा रहे ‘मिशन शक्ति’ अभियान के तहत एक सराहनीय पहल देखने को मिली। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की कक्षा 8 की मेधावी छात्रा नंदिता को एक दिन के लिए सांकेतिक रुप से पुलिस उपाधीक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई।
सीओ की कुर्सी पर बैठकर नंदिता ने कार्यालय पहुंचे फरियादियों की जनसुनवाई की और उनकी समस्याएं गंभीरता से सुनीं। इस दौरान एक पीड़ित महिला द्वारा पति द्वारा मारपीट किए जाने की शिकायत पर छात्रा ने तत्परता दिखाते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों को मामले में त्वरित व नियमानुसार कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। एक दिन की क्षेत्राधिकारी बनी नंदिता ने इस अनुभव को अत्यंत प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि इससे प्रशासनिक कार्यप्रणाली को करीब से समझने का अवसर मिला और उसका आत्मविश्वास बढ़ा है।
मामले में विस्तृत जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकारी प्रतिभा वर्मा ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान का मूल ध्येय बालिकाओं व महिलाओं को सशक्त, आत्मनिर्भर और उनके अधिकारों के प्रति सजग बनाना है। छात्रा को एक दिन का क्षेत्राधिकारी बनाने का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता, प्रशासनिक समझ और आत्मविश्वास विकसित करना है। जब बेटियां पुलिस व प्रशासन की कार्यप्रणाली को खुद अनुभव करती हैं तो उनमें किसी भी प्रकार के उत्पीड़न या अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने और सही प्रक्रिया के तहत न्याय पाने का साहस पैदा होता है। हमारा उद्देश्य है कि हर बेटी निडर होकर अपने सपनों को पूरा करे और समाज में अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहे। अंत में विद्यालय की वार्डन एकता नीलम ने क्षेत्राधिकारी प्रतिभा वर्मा का आभार व्यक्त किया।

 

 

 

 

 

Must Read