HomeJaunpurJaunpur News: रंगोली के जरिये साकार किया विकसित भारत 2047 का संकल्प

Jaunpur News: रंगोली के जरिये साकार किया विकसित भारत 2047 का संकल्प

  • रंगोली के जरिये साकार किया विकसित भारत 2047 का संकल्प

तेजस टूडे सं.
राजेश पाल
धर्मापुर, जौनपुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत मंगलवार को स्थानीय विकास खंड के शहीद हॉल में विकसित भारत की परिकल्पना को रंगोली के माध्यम से आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी महिलाओं तथा स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने विभिन्न रंगों से सुंदर रंगोली बनाकर विकसित भारत 2047 का चित्र बनाया। रंगोली के माध्यम से महिलाओं ने देश के उज्ज्वल भविष्य, विकास और आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मकता और कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। रंग-बिरंगे रंगों से तैयार की गई रंगोली के माध्यम से भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को दर्शाया गया। महिलाओं की सहभागिता ने कार्यक्रम को विशेष आकर्षण प्रदान किया। इस आयोजन का उद्देश्य महिलाओं को जागरूक करना, उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करना तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी को बढ़ावा देना रहा।
इस दौरान खंड विकास अधिकारी कृष्ण मोहन यादव ने अभियान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए महिलाओं की सहभागिता की सराहना किया। साथ ही कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं आजीविका, स्वरोजगार और सामाजिक जागरूकता के माध्यम से विकास की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।
इस अवसर पर सीडीपीओ सुनीता मौर्या, आईएसबी राकेश रोशन, राजेश यादव, अखिलेश कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और विकसित भारत 2047 के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया।

 

 

 

 

 

Must Read