पर्यटकों को रूबरू कराने के लिये बोद्धगया में करायें इम्पोरियम निर्माण कार्य: मंत्री
स्थानीय हस्तशिल्प, पारम्परिक कलाकृतियों और ग्रामीण उत्पादों को वैश्विक स्तर पर मिल सके एक बड़ा बाजार
तेजस टूडे ब्यूरो
सिद्धार्थ सुमन
बिहार। ग्रामीण विकास विभाग और सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग के मंत्री श्रवण कुमार ने विभागीय योजनाओं के प्रगति संबंधी समीक्षा बैठक लिया जहां उन्होंने विकसित भारत-जी राम जी,लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान, जल-जीवन हरियाली अभियान, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, जीविका समेत दूसरी कई महत्वपूर्ण योजनाओं की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। मंत्री जी ने कहा कि बोद्धगया में इंपोरियम निर्माण कार्य को जल्द से जल्द पूरा किया जाए ताकि जीविका के हाथों तैयार गुणवत्तायुक्त उत्पादों से देश-विदेश के पर्यटक रूबरू हो सकें और स्थानीय हस्तशिल्प, पारंपरिक कलाकृतियों और ग्रामीण उत्पादों को वैश्विक स्तर पर एक बड़ा बाजार मिल सके। पुराने सचिवालय स्थित खुद के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में मंत्री जी ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत आवास प्लस 2.0 के सर्वे सूची की विशेष जांच करने और पात्रता रहने के बाद भी आवास योजना से वंचित लोगों को सूची में जोड़ने का निर्देश दिए। साथ ही कहा कि आवास सर्वे सूची में व्याप्त गड़बड़ियों की आशंका होने पर अधिकारी प्रखंड स्तर पर इसकी जांच कराएं और पात्रता रखने वाले लोगों को योजना का लाभ दें।
उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में बकरी पालन की समीक्षा कर इसका दायरा बढ़ाने, प्रखंड स्तर पर सुधा बिक्री केंद्र बनाकर जीविका दीदियों के हाथों इसका संचालन करवाने के निर्देश जारी किए। बैठक में नाबॉर्ड के अधिकारियों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मार्केटिंग लिंकेज योजना के तहत बकरी पालन और ग्रामीण हाट का निर्माण आदि कार्यों में विभाग पूरा सहयोग देगा। इसके लिए उन्होंने विभागीय अधिकारियों को नाबॉर्ड के साथ सामंजस्य बनाकर योजना तैयार करने और उसके संचालन का निर्देश दिया, ताकि ग्रामीण विकास और महिलाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के क्षेत्र में एक नया अध्याय जोड़ा जा सके। उन्होंने बैठक में उपस्थित अधिकारियों को दीदी-किचन के निर्माण और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए तेजी से स्थल चयन करने, आंगनबाड़ी केंद्र के निर्माण कार्यों में तेजी लाने, अलग-अलग योजनाओं में श्रम देने वाले मजदूरों की मजदूरी समय सीमा में भुगतान करने आदि के कड़े निर्देश दिए।
बैठक में वीबी-जी राम जी योजना के तहत ग्रामीण हाट-बाजार का निर्माण, सक्रिय, कुशल, अर्धकुशल मजदूरों की ई-केवाईसी, पौधरोपण, जीविका दीदियों की सिलाई गतिविधि, अनसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग, एकीकृत बाल विकास सेवा विभाग, पिछड़ा वर्ग एवं अत्यंत पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग से बच्चों के पोशाक के लिए प्राप्त लक्ष्य के सापेक्ष आपूर्ति आदि विषयों पर गहन चर्चा की गई। बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने मंत्री को बताया कि मनरेगा के बकाया कार्यों का एसओपी तैयार किया जा रहा है। इस वर्ष 12 से 28 दिसंबर तक गांधी मैदान में विशाल सरस मेले का आयोजन होगा जिसमें 800 से भी अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्र की जीविका दीदियों के उत्पादों की बिक्री और उन्हें बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। जल जीवन हरियाली योजना के तहत बनाए गए चेकडैम के लिए मास्टर बजट तैयार किया गया है ताकि सभी को चेकडैम के पानी का समुचित लाभ मिल सके। बैठक में ग्रामीण विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव एचआर श्रीनिवास, नाबॉर्ड के मुख्य महाप्रबंधक गौतम सिंह, वीबी-जी राम जी योजना के आयुक्त अंजनी कुमार, जल जीवन हरियाली मिशन के निदेशक सुमित कुमार, जीविका की अपर मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी अनन्या सिंह, मंत्री के आप्त सचिव सुनील कुमार के साथ दूसरे कई उच्च अधिकारी मौजूद रहे।













