शूटर राजवीर सिंह पर लगा रासुका
भाजपा नेता बृजेश सिंह की गोली मारकर की थी हत्या
दो बदमाशों पर पहले ही लग चुका है रासुका
अजय जायसवाल
गोरखपुर। भाजपा नेता बृजेश सिंह की गोली मारकर हत्या करने वाले शूटर राजवीर सिंह पर रासुका की कार्रवाई की गई है। पंजाब, अमृतसर के रहने वाले राजवीर सिंह ने अपने साथी सतनाम सिंह के साथ मिलकर बृजेश सिंह की गुलरिहा इलाके में उस वक्त गोली मारकर हत्या कर दी थी, जब वह प्रधानी चुनाव का प्रचार कर अपने शहर के आवास पर लौट रहे थे।
हत्या के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। दोनों आरोपितों ने शूटर के रूप में काम किया था। जबकि स्थानीय स्तर पर भी कई अन्य आरोपी का नाम सामने आया था। फिलहाल अभी सभी आरोपी जेल में हैं। वहीं हत्याकांड में शामिल रहे गोरखपुर के रहने वाले जितेन्द्र और बहादुर पर पहले ही रासुका लग चुका है।
2 अप्रैल 2021 को हुई थी हत्या
गुलरिहा इलाके के नरायणपुर निवासी बृजेश सिंह की 2 अप्रैल, 2021 की रात में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने 147, 148, 149, 302, 120 बी के तहत केस दर्ज किया था। विवेचना के दौरान शूटर के रूप में राजवीर सिंह उर्फ मलक सिंह उर्फ राजू उर्फ शालू पुत्र रक्षपाल सिंह निवासी दविन्दर नगर, तरन तारन रोड थाना सुल्तानविन्द जिला अमृतसर पंजाब हाल मुकाम ग्राम पहाड़पुर थाना कोतवाली सदर जिला लखीमपुर खीरी और सतनाम सिंह उर्फ शैलेन्द्र सिंह उर्फ छिद्दू पुत्र फुलवन्त सिंह निवासी दविन्दर नगर, तरन तारन रोड, थाना सुल्तानविन्द जिला अमृतसर पंजाब हाल पता टिप्पन पूरवा थाना कोतवाली जिला लखीमपुर खीरी का नाम सामने आया था।
बरेली जेल में बंद थे दोनों शूटर
दोनों को एक अन्य मामले में बरेली पुलिस ने गिरफ्तार किया था और बरेली कारागार में रखा गया था। गुलरिहा पुलिस ने उन्हें रिमांड पर लेकर हत्या में इस्तेमाल आलाकत्ल बरामद किया था। दोनों शूटरों के खिलाफ गुलरिहा थाने में आर्म्स एक्ट के तहत अलग-अलग केस भी दर्ज हुआ था। दोनों आरोपित वर्तमान में जेल में हैं।
पुलिस लगा चुकी है चार्जशीट
वहीं विवेचना बाद उनके खिलाफ आरोप पत्र भी पुलिस ने दाखिल कर दिया है। इसके अलावा घटना में शामिल रहे बहादुर चौहान पुत्र सरजू चौहान निवासी जंगल औराही थाना पिपराइच, जितेन्द्र सिंह पुत्र जोखन सिंह निवासी जडार थाना पनियरा जिला महराजगंज के विरूद्ध भी एनएसए की कार्यवाही की जा चुकी है।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।












