राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने झारखण्ड को बताया ‘तीर्थस्थल’
किसानों की आय बढ़ाने पर दिया जोर, बोलीं— आज भी गरीबी में जी रहे किसान
तेजस टूडे ब्यूरो
नीरज कुमार
झारखंड। रांची-राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शुक्रवार को रांची के नामकुम स्थित इंडियन काउंसिल ऑफ एग्रिकल्चरल रिसर्च– नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ सेकेंड्री एग्रिकल्चर (ICAR-NISA) के शताब्दी समारोह में बोलते हुए कहा कि किसान आज भी गरीबी में जी रहे हैं। राष्ट्रपति ने मधुमक्खी और पशुपालन पर भी जोर दिया
और बोला कि इससे छोटे किसानों को लाभ मिलेगा। इस समारोह के दौरान मंच पर राज्यपाल संतोष गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान, कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ और झारखंड की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री दीपिका पांडेय सिंह सहित कई अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। इस मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संस्थान के परिसर में “एक पेड़ मां के नाम” कार्यक्रम के अंतर्गत वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
——इनसेट——
झारखण्ड से है विशेष लगाव
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने भाषण की शुरुआत भगवान बिरसा मुंडा के जयकारे के साथ किया। उन्होंने कहा कि झारखंड से उनका विशेष लगाव है। 2017 में इस संस्थान के साथ मिलकर कृषि मेले का उद्घाटन किया था। संस्थान ने लाख, रेजिन जैसे कई उत्पादों में विशेष योगदान दिया। लाख के उत्कृष्ट किसानों को सम्मानित करने का मौका मिला।
——इनसेट——
अपने राज्यपाल के कार्यकाल को किया याद
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने राज्यपाल के दिनों को याद करते हुए बोला कि जब मैं पलामू गई थी तो वहां मुझे बताया गया कि पलाश, लाख एवं महुवा के नाम पर पलामू का नाम रखा गया है। लाख का 55 प्रतिशत उत्पादन होता है जो जनजातीय समुदाय द्वारा जाता है। लाख आधारित विकास को बढ़ावा दिया जाता है। जीवन यापन को सुधारने में लाभकारी है। किसानों एवं उद्यमियों के समस्या के समाधान के लिए कार्य किया जा रहा है।
——इनसेट——
कोल्ड स्टेरेज बनाने पर जोर
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि जो सब्जी उत्पादन करते हैं लेकिन उसके बाद सब्जी खराब हो जाती है। इसलिए अधिकारियों से निवेदन है कि कोल्ड स्टोरेज की व्यवस्था की जाए। आज का दौर विश्व रुपी का है परंतु दुष्परिणाम से बचना है। अभी भी कई क्षेत्र है जहां हम आगे जा सकते हैं।
——इनसेट——
सप्लाई चेन बेहतर करने से मिलेगा किसानों को बेहतर मूल्य
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि सप्लाई चेन, बाजार की व्यवस्था करने से किसानों को बेहतर मूल्य मिल सकता है। कृषि के विकास के लिए कई कार्य किए जा रहे हैं। सहकारिता क्षेत्र में दुनिया की सबसे बड़ी भंडारण की व्यवस्था की है। पीएम किसान निधि से लाभ दिया जा रहा है।
——इनसेट——
पशुपालन से होगा छोटे किसानों को लाभ
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि किसान आज भी गरीबी में जी रहे हैं। उन्होंने मधुमक्खी, पशुपालन से विकास, गांवों में छोटे उद्योगों से किसानों को लाभ होगा। कई वेस्ट चीजें फेंक देते हैं जिससे भी हम प्रसंस्करण कर लाभ ले सकते हैं। देश के साथ विदेशों में भी कृषि उत्पादन में पैंठ होनी चाहिए। संस्थान को अन्य संस्थानों से मिलकर काम करना चाहिए।
——इनसेट——
राष्ट्रपति का हमेशा मिलता रहा है मार्गदर्शन
समारोह में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु जी का रांची आगमन हम सभी के लिए गौरव की बात है। वे 6 वर्षों तक झारखंड की राज्यपाल रहीं। इस दौरान उनका मार्गदर्शन हमेशा इस राज्य को मिलता रहा है।आज राष्ट्रपति के पद पर रहकर भी झारखंड से उनका गहरा लगाव है।
——इनसेट——
किसानों को आत्मनिर्भर बनाने का लें संकल्प
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि आज के इस भौतिकवादी युग में किसानों को कृषि से जोड़े रखना, किसानों की आय में बढ़ोतरी, उन्हें वैकल्पिक खेती के साथ पशुपालन को बढ़ावा और प्रोत्साहन देने के लिए मजबूती से कदम उठाने की जरूरत है। किसानों को आत्मनिर्भर बनाने का हम संकल्प लें।
——इनसेट——
मेहनतकश किसानों के हालात से हम सभी वाकिफ हैं
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि किसानों के प्रति संवेदनाएं हमारे लिए शुरू से ही सर्वोपरि रहा है। वैसे तो किसानों के लिए कई बड़ी-बड़ी बातें होती है। कागजों में भी आंकड़े अच्छे दिखाए जाते हैं लेकिन मेहनतकश किसान खेतों में कितना जद्दोजेहद करते हैं, उसे ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर देखा जा सकता है। किसानों के हालात कैसे बदलें, इस दिशा में गंभीरता के साथ विचार करने की आवश्यकता है।
——इनसेट——
किसानों को लाह की खेती से जोड़ने पर जोर
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड देश का 50 से 55 प्रतिशत लाह उत्पादन करता है लेकिन पहले हम 70 प्रतिशत लाह का उत्पादन करते थे। आज इस लक्ष्य को हासिल कर सकते हैं। बस इसके लिए किसानों को लाह की खेती से जोड़ने के लिए प्रोत्साहन और सुविधा उपलब्ध हो। इस कड़ी में हमारी सरकार लाह को कृषि का दर्जा दे चुकी है, ताकि लाह का उत्पादन, अनुसंधान, प्रसंस्करण, उचित मूल्य और बाजार उपलब्ध हो सके।
——इनसेट——
लखपति क्यों, करोड़पति बन सकती हैं दीदियां
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि आज दीदियों को “लखपति दीदी” बनाने की बात हो रही है लेकिन मेरा कहना है कि “लखपति दीदी” क्यों ? वे “करोड़पति दीदी” क्यों नहीं बन सकती हैं। दीदियों में “करोड़पति दीदी” बनने की पूरी क्षमता और सामर्थ्य है। सिर्फ इसके लिए बेहतर नीति निर्धारण की जरूरत है।
——इनसेट——
किसानों को बिचौलियों से बचाना है
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि किसानों का खेती से बाजार तक का जो सफर है, उसमें बिचौलियों की कोई जगह नहीं होनी चाहिए लेकिन दुर्भाग्य से देश में बिचौलियों एक ऐसा शक्तिशाली जमात है जो किसानों की मेहनत और गाढ़ी कमाई का एक बड़ा हिस्सा अपनी जेब में ले जाता है। किसानों को सशक्त बनाने के लिए उन्हें बिचौलियों से हर हाल में निजात दिलाना होगा। शताब्दी समारोह में आईसीएआर के महानिदेशक डॉ हिमांशु पाठक, आईसीएआर के उपमहानिदेशक (कृषि अभियांत्रिकी) श्याम नारायण झा एवं राष्ट्रीय कृषि उच्चतर संस्करण संस्थान, रांची के निदेशक डॉ अभिजीत कर सहित कई वरीय अधिकारियों के अलावा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।













