गर्भवती महिला खाती थी बाल, आपरेशन के बाद पेट से निकला ढाई किलो बालों का गुच्छा

शिवमंगल अग्रहरि
चित्रकूट। संत रणछोड दास महाराज द्वारा संस्थापित श्री सदगुरू सेवा संघ ट्रस्ट के अंतर्गत संचालित जानकीकुंड चिकत्सालय में एक अजीबोगरीब मामला देखने को मिला है जो लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है। दुनिया में लोगों के खाने पीने के भी अजीब तरह के शौक हैं। इन्हीं अजीब शौकों के चलते कई बार जिंदगी के ऊपर भी संकट मडराने लगता है। 25 वर्षीय महिला जिसे बालों को खाने का अजीब शौक लग गया लेकिन यही शौक महिला के लिए जानलेवा बन गया। आखिरकार जानकीकुण्ड चिकित्सालय में आपरेशन के बाद महिला के आमासय से तकरीबन ढाई किलो बालों का गुच्छा निकाला गया तब जाकर महिला की जान बच सकी।
मालूम हो कि सतना जिले के चित्रकूट धाम स्थित जानकी कुण्ड चिकित्सालय की वरिष्ठ सर्जन डॉ पूनम आडवाणी (निर्मला गेहानी) ने यूपी के महोबा जिले से आई एक दर्द से पीडित महिला का आपरेशन कर महिला के आमाशय से लगभग ढाई किलो बालों का गुच्छा निकाला है। उन्होंने बताया कि इस प्रकार के जो केस होते हैं जिनमें महिलाएं बाल खाती हैं, उन्हें मेडिकल की भाषा में ट्राइकोमेज्योर कहा जाता है। बाल खाने वाली महिलाएं अक्सर कम उम्र की होती हैं। साथ ही साइकेट्रिक भी होती हैं। आम तौर पर इस प्रकार के अमूमन 1 प्रतिशत मामले ही होते हैं। पूरे जीवन में मेरे सामने इस प्रकार के कुल 3 केस ही सामने आए हैं जिनमें नौ साल का बच्चा था, दूसरी एक 18 साल की लडकी का केस सामने आया था और यह तीसरा केस 25 वर्षीय महिला का सामने आया है। महिला के 5 वर्षीय, 2 वर्षीय और 5 माह के तीन बच्चे हैं और महिला को दूसरी प्रेगनेंसी के दौरान बालों को खाने की आदत बनी थी।
बताया गया कि बालों को खाने की आदत के चलते महिला जहां अपने बालों को तो खाती ही थी। साथ ही आस—पास पडे दूसरों के बालों को भी खा लेती थी। महिला को दूसरा बच्चा हो गया जिसके बाद महिला ने बालों को खाना बंद कर दिया लेकिन महिला के पेट में दर्द रहने लगा। पेट में दर्द रहने के कारण महिला ने बांदा के मेडिकल कॉलिज में भी डॉक्टरों को दिखाया। डॉक्टरों द्वारा अल्ट्रा साउंड भी कराया गया लेकिन पता नहीं चल पाया। बाद में महिला द्वारा जानकी कुण्ड चिकित्सालय में आकर वरिष्ठ सर्जन डॉ निर्मला गेहानी को दिखाया गया। डॉ गेहानी ने महिला का सीटी स्कैन करवाया तब जाकर सारी स्थित सामने आई। बालों को खाने की आदत के चलते महिला का आमासय बिल्कुल भर गया था। बालों के गुच्छे ने बिल्कुल अमाशय का रुप ले लिया था जिसके कारण महिला को लगातार उल्टियां हो रही थी। डॉ निर्मला गेहानी के अनुसार ऐसी स्थित में महिला की मौत भी हो सकती थी। उन्होंने बताया कि लगभग 2 घंटे के ऑपरेशन में बालों का गुच्छा निकला। वहीं ट्रस्ट के ट्रस्टी एवं डायरेक्टर डॉ बीके जैन और ट्रस्टी डॉ इलेश जैन ने इस सफल ऑपरेशन के मामले में खुशी जताते हुए डॉ पूनम आडवाणी, डॉ कमल मंडलोई और उनकी सारी टीम को बधाई दी।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।















