HomeTrendingडभौरा वन रेंज में वन अधिकारियों की लापरवाही

डभौरा वन रेंज में वन अधिकारियों की लापरवाही

  • डभौरा वन रेंज में वन अधिकारियों की लापरवाही

  • हरे पेड़ों की अन्धाधुन्ध कटाई एवं अवैध लकड़ी का व्यापार जोरों पर

  • शंकरगढ़ वन विभाग को सूचना के बाद भी नहीं हुई कोई ठोस कार्यवाही

  • नारीबारी के अवैध अड्डों पर पहुंचायी जा रहीं प्रतिबन्धित लकड़ियां

  • मामला खबर को प्रमुखता से दिखाने वाले पत्रकार को झूठे मुकदमों में फंसाने एवं धमकी का

तेजस टूडे सं.
शिवेन्द्र नारायण तिवारी
नारीबारी, प्रयागराज। मध्य प्रदेश के वन विभाग की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। डभौरा वन रेंज के अंतर्गत कथित तौर पर वन विभाग के अधिकारियों की मिलीभगत और उदासीनता के कारण प्रतिबंधित हरे पेड़ों की अवैध कटाई का खेल धड़ल्ले से चल रहा है। हालात यह हैं कि अधिकारी सब कुछ जानते हुए भी आंखें मूंदे बैठे हैं जिससे पर्यावरण और वन्य जीवों को भारी क्षति पहुंच रही है।
सूत्रों से मिली पुख्ता जानकारी के अनुसार डभौरा क्षेत्र से प्रतिबंधित पेड़ों को काटकर उत्तर प्रदेश की सीमा में तस्करी कर भेजने का अवैध कारोबार जोरों पर है। इस पूरे अवैध सिंडिकेट की जानकारी शंकरगढ़ वन विभाग के अधिकारियों को भी दी गई थी। हालांकि शंकरगढ़ के अधिकारियों द्वारा जल्द कार्रवाई का कोरा आश्वासन तो दिया गया लेकिन धरातल पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। अधिकारियों की इसी अनदेखी के चलते लकड़ी तस्करों के हौसले बुलंद हैं।
डभौरा रेंज से चोरी-छिपे काटे गए हरे पेड़ों की लकड़ी को सुनसान रास्तों और रात के अंधेरे में उत्तर प्रदेश के नारीबारी क्षेत्र तक पहुंचाया जाता है। नारीबारी में बिना किसी लाइसेंस या वैध अनुमति के चल रहे लकड़ी के अवैध अड्डों पर यह लकड़ी डंप की जाती है। इसके बाद सुनसान जगहों पर लकड़ियों को एकत्रित कर बड़े-बड़े वाहनों में लोड किया जाता है और अन्य जगहों पर महंगे दामों में बेच दिया जाता है। इस अवैध व्यापार के कारण क्षेत्र की हरियाली तेजी से उजड़ रही है और वन्य जीवों का प्राकृतिक आवास भी खतरे में पड़ गया है।

पत्रकार को झूठे मुकदमे में फंसाने एवं धमकाने का कुत्सित प्रयास
इस पूरे अवैध कारोबार और वन विभाग की लापरवाही को उजागर करने वाले एक स्थानीय पत्रकार को तस्करों और रसूखदारों द्वारा लगातार निशाना बनाया जा रहा है। खबर छापने और सच सामने लाने के एवज में पत्रकार को झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकियां दी जा रही हैं। साथ ही उन्हें तरह-तरह से प्रताड़ित करने और डराने का प्रयास किया जा रहा है जिससे मीडिया जगत और स्थानीय नागरिकों में भारी रोष व्याप्त है।

 

 

 

 

Must Read