खेत में खड़ी सरसो की फसल को जेसीबी से रौंदकर किया नष्ट
तेजस टूडे ब्यूरो
प्रमोद गोस्वामी
संत कबीर नगर। महुली थाना क्षेत्र के अंतर्गत तरयापार गांव में एक भूखंड पर खड़ी सरसो की फसल को जेसीबी से रौंदकर पूरी तरह बर्बाद करने का मामला सामने आया है। इस घटना से आहत पीड़ित किसान ने थाने में प्रार्थना पत्र देकर नामजद आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है।
यह है मामला
जानकारी के अनुसार महुली थाना क्षेत्र के तरयापार गांव निवासी नंद लाल पुत्र लाल बिहारी ने पुलिस को दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि उनकी दादी बरसाती देवी के नाम से ग्राम गोपालपुर (टप्पा-तरयापार, परगना-महड़ूपुर, तहसील-धनघटा, जिला संतकबीरनगर) में आराजी नंबर 42/1 (नया नंबर अवांतर) स्थित है। पीड़ित का आरोप है कि बीते 10 नवंबर को सुबह करीब 7 बजे तरयापार निवासी विपक्षी विजय पाण्डेय पुत्र कृष्ण कुमार पाण्डेय एक जेसीबी (वाहन संख्या- यूपी 58 टी 9869) लेकर खेत पर पहुंचे और खेत में खड़ी सरसों की फसल व बीज को पूरी तरह नष्ट कर दिया।
विरोध करने पर दी धमकी और गाली-गलौज
घटना के वक्त जब पीड़ित नंद लाल अपने खेत पर राकेश कुमार, जियालाल, लाल बिहारी और गांव के अन्य लोगों के साथ पहुंचे और विपक्षी को ऐसा करने से मना किया तो वह आग बबूला हो गये। आरोप है कि विपक्षी ने मां-बहन को भद्दी-भद्दी गालियां देते हुए कहा, “साले, हमारा क्या बिगाड़ लोगे, कोर्ट में मुकदमा चल रहा है, इसे मिट्टी में मिलाने के बाद जो होगा देख लिया जाएगा।” इतना कहते हुए विपक्षी ने मारपीट के लिए दौड़ा लिया और जान से मारने की धमकी दी। 112 नंबर पर सूचना के बाद पहुंची पुलिस प्रार्थी और उनके साथ मौजूद लोगों के शोर मचाने पर जब आसपास के ग्रामीण इकट्ठा होने लगे तब डर के मारे राकेश कुमार ने मोबाइल से डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लेते हुए दोनों पक्षों को थाने आने के लिए कहा। पीड़ित नंद लाल ने महुली थाना प्रभारी से न्याय की गुहार लगाते हुए विपक्षी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग किया है, ताकि भविष्य में इस तरह की अराजकता और जान-माल के नुकसान को रोका जा सके।











