जीआरडी-10 पहल का हुआ शुभारम्भ
तेजस टूडे ब्यूरो
मुम्बई। महाराष्ट्र विधान परिषद के पूर्व सदस्य एवं शिवसेना (अविभाजित) के वरिष्ठ नेता स्व. घनश्याम राज नारायण दुबे की 75वीं जयंती पर अंधेरी (पश्चिम) स्थित श्रीकृष्ण कॉम्प्लेक्स परिसर में ‘जीआरडी-10–ए लेगेसी ऑफ इंस्पिरेशन’ पहल का शुभारंभ किया गया।
घनश्याम जी की पुत्री व जानी-मानी रेडियोलॉजिस्ट डॉ. सुनीता दुबे के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों की हस्तियों ने स्व. दुबे के राजनीतिक सफर और सामाजिक योगदान को याद किया। इस दौरान भारतीय सद्विचार मंच के संस्थापक डॉ. राधेश्याम तिवारी ने कहा कि घनश्याम दुबे उत्तर भारतीय समाज को साथ लेकर चलने की क्षमता रखते थे। मुंबई से लेकर गांव तक उनकी पहचान थी। सुरियांव (भदोही) जैसे छोटे गांव में महाविद्यालय और शॉपिंग मॉल का निर्माण कराना उनके दूरदर्शी सोच और विकास के प्रति समर्पण का प्रमाण है।
वरिष्ठ पत्रकार ब्रजमोहन पांडेय ने कहा कि दुबे उत्तर भारतीय समाज के मुद्दों को लेकर हमेशा गंभीर रहते थे। मुंबई के तबेलों को शहर से बाहर स्थानांतरित करने के प्रस्ताव का भी उन्होंने विरोध किया था। डॉ. सुनीता दुबे ने स्वास्थ्य और बालिका शिक्षा पर विचार रखते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति का पहला निवेश अपने स्वास्थ्य में होना चाहिए। उनके पिता ने सामाजिक रूढ़ियों के बावजूद उन्हें उच्च शिक्षा हासिल करने और आगे बढ़ने के लिए सदैव प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर पूर्व सांसद गोपाल शेट्टी, विधायक संजय उपाध्याय, सागर त्रिपाठी, कांग्रेस नेता अवनीश तीर्थराज सिंह, आरटीआई कार्यकर्ता अनिल गलगली सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने संस्मरण साझा करके . घनश्याम जी को श्रद्धांजलि अर्पित किया। कार्यक्रम में जीआरडी-10 की आधिकारिक वेबसाइट लॉन्च की गई। साथ ही स्व. दुबे की स्मृति में खेल, चिकित्सा, शिक्षा और राजनीति सहित विभिन्न क्षेत्रों में पुरस्कार शुरू करने की घोषणा की गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।











