फर्जी पासपोर्ट काण्ड में हुई बड़ी कार्यवाही, पुलिस गिरफ्त में आये आरोपी

तेजस टूडे ब्यूरो
चुन्नन खां
पीलीभीत। जिले के पूरनपुर क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक भारतीय युवक ने श्रीलंका की युवती से शादी करने के बाद फर्जी दस्तावेजों के आधार पर उसका भारतीय पासपोर्ट और अन्य पहचान पत्र बनवा लिए। पुलिस ने इस मामले में पति समेत 3 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव शेरपुर कलां निवासी इमरान पुत्र रियाज पेशे से एक मैकेनिक है। वर्ष 2018 में वह रोजगार के सिलसिले में जॉर्डन गया था जहाँ उसकी मुलाकात श्रीलंका की निवासी सुरेना से हुई। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और वर्ष 2019 में उन्होंने कोर्ट मैरिज कर ली। बाद में जब वे भारत लौटे तो यहाँ निकाह संपन्न कराया गया और सुरेना का नाम बदलकर जीनत रख दिया गया।
फर्जी दस्तावेजों का खेल
निकाह के बाद दंपति कुछ समय तक दिल्ली और हरियाणा में रहकर काम करते रहे। इस दौरान महिला का श्रीलंकाई पते वाला मूल पासपोर्ट गुम हो गया। वापस गांव लौटने पर, आरोप है कि तत्कालीन ग्राम प्रधान के करीबी नजीब ने उसे गांव का निवासी साबित करने के लिए अपनी मोहर लगा दी। इसी आधार पर महिला के नाम से फर्जी आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र सहित अन्य भारतीय दस्तावेज तैयार कराए गए। वर्ष 2021 में इसी फर्जीवाड़े के जरिए उसने भारत का नया पासपोर्ट भी हासिल कर लिया।
जांच में हुआ खुलासा
इस फर्जीवाड़े का खुलासा तब हुआ जब जाँच के दौरान यह जानकारी सामने आई कि एक ही महिला के नाम से श्रीलंका और भारत, दोनों देशों के पासपोर्ट मौजूद हैं। इस मामले के सामने आते ही प्रशासनिक महकमे में हलचल मच गई।
पुलिस की कार्यवाही
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने इमरान, सुरेना उर्फ जीनत और दस्तावेजों में मदद करने वाले नजीब के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पूरनपुर के कोतवाल पवन पांडेय के अनुसार मामले में आगे की गहन जाँच की जा रही है। विदित हो कि दंपति के दो छोटे बच्चे भी हैं। इस घटना ने स्थानीय सत्यापन प्रक्रिया की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।







