छठ पूजा के दृष्टिगत सैयदराजा थाने में हुई बैठक
तेजस टूडे ब्यूरो
दीपक कुमार
मुगलसराय, चन्दौली। छठ पूजा के पावन पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से दिन पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में थाना सैयदराजा परिसर में पीस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक हुई जहां स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस के उच्च अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
यह बैठक उपजिलाधिकारी सदर अमर चन्द वर्मा व क्षेत्राधिकारी सदर नामेन्द्र कुमार तथा थानाध्यक्ष सैयदराजा अशोक मिश्रा की संयुक्त अध्यक्षता में हुई। बैठक में उपस्थित छठ पूजा कमेटी के पदाधिकारियों और क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों को शासन द्वारा पर्व के संबंध में जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई तथा घाटों पर सुरक्षा, साफ-सफाई एवं प्रकाश व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा और सुव्यवस्था को सुदृढ़ रखने हेतु निम्नलिखित बिंदुओं पर विशेष रूप से जोर दिया: घाटों की साफ-सफाई एवं स्वच्छता, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, आवश्यक स्थानों पर बैरिकेडिंग, प्रशिक्षित गोताखोरों एवं तैराकों की तैनाती, रस्सी, ट्यूब, लाइफ जैकेट एवं नाव की पर्याप्त व्यवस्था। अधिकारियों ने सभी से अपील किया कि पर्व को आपसी भाईचारे और सौहार्द साथ मनाएं तथा किसी भी प्रकार की समस्या या अफवाह की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस प्रशासन को दें।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी सदर, थानाध्यक्ष सैयदराजा सहित संबंधित थाने के क्षेत्रान्तर्गत गणमान्य नागरिक एवं छठ पूजा कमेटी के पदाधिकारीगण मौजूद रहे।











