वाहन चालकों को बांटे गये हेलमेट, नियमों के पालन के लिये किया गया जागरूक
तेजस टूडे ब्यूरो
दीपक कुमार
मुगलसराय, चन्दौली। जनपद में चलाए जा रहे ‘यातायात माह’ जागरूकता अभियान के अंतर्गत दिन गुरुवार को पुलिस अधीक्षक चन्दौली आकाश पटेल के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में एक विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम हुआ। अभियान के क्रम में क्षेत्राधिकारी यातायात कृष्ण मुरारी शर्मा के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक यातायात-प्रथम सत्य प्रकाश यादव ने संयुक्त रूप से थाना अलीनगर व थाना मुगलसराय क्षेत्र में सघन चेकिंग व जागरूकता अभियान चलाया।
सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अलीनगर व मुगलसराय क्षेत्र में बिना हेलमेट दो पहिया वाहन चला रहे चालकों को रोककर यातायात नियमों का महत्व समझाया गया। साथ ही सुरक्षा के दृष्टिकोण से चालकों को गुणवत्तापूर्ण हेलमेट निःशुल्क वितरित किए गए। पुलिस अधिकारियों ने आम जनमानस व वाहन चालकों को सम्बोधित करते हुए कहा कि “हेलमेट कोई बोझ नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा का कवच है।” उन्होंने लोगों से अपील किया कि वे दोपहिया वाहन चलाते समय सदैव मानक हेलमेट का प्रयोग करें और 4 पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट अवश्य लगाएं।
पूरे माह पुलिस टीम द्वारा विभिन्न स्थानों पर शिविर, नुक्कड़ नाटक और चेकिंग अभियानों के माध्यम से नागरिकों को जागरूक किया जा रहा है, ताकि जनपद में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। साथ ही यातायात संकल्प दिलाया गया कि गति सीमा का पालन करें तथा ओवरटेकिंग से बचें। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग कदापि न करें। शराब या किसी भी प्रकार के नशे में वाहन न चलाएं। नाबालिगों को वाहन चलाने न दें। चन्दौली पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि स्वयं की सुरक्षा और अपने परिवार की खुशहाली के लिए यातायात नियमों का निष्ठापूर्वक पालन करें।











