श्रावस्ती पुलिस को मिली बड़ी सफलता, 76 गुमशुदा मोबाइल बरामद
मोबाइल पाकर खिले स्वामियों के चेहरे
तेजस टूडे ब्यूरो
एम अहमद/नसीम अहमद
श्रावस्ती। जनपद पुलिस की सर्विलांस सेल ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 76 गुमशुदा मोबाइल बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 22 लाख 40 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने शनिवार को पुलिस कार्यालय स्थित सभागार कक्ष में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सभी मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिये। लंबे समय बाद अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने पुलिस टीम का आभार जताया। पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देश पर गुमशुदा मोबाइल की बरामदगी के लिए विशेष अभियान चलाया गया था।
अपर पुलिस अधीक्षक चन्द्रकेश सिंह के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी अपराध अवधेश कुमार सिंह चौहान के नेतृत्व में सर्विलांस सेल तथा जनपद के समस्त थानों की पुलिस टीम ने CEIR पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के आधार पर मोबाइल की तलाश शुरू की। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने आधुनिक तकनीकी संसाधनों, मोबाइल IMEI ट्रैकिंग, लोकेशन और नेटवर्क डेटा का विश्लेषण कर कुल 76 मोबाइल फोन बरामद करने में सफलता प्राप्त किया। इन सभी मोबाइलों को विधिवत उनके संबंधित आवेदकों के सुपुर्द किया गया।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने मोबाइल प्राप्त करने वाले लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति भी जागरूक किया। उन्हें अनजान लिंक पर क्लिक न करने, किसी के साथ OTP एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करने तथा साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई। पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने सर्विलांस सेल एवं जनपद के समस्त थानों में CEIR पोर्टल पर नियुक्त अधिकारी-कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जनपद पुलिस आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने पुलिसकर्मियों को भविष्य में भी इसी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया।











