पुलिस बनकर व्यापारी से लूटे एक लाख रूपये
सिपाही के अकाउण्ट से ही उड़ा दिये 5500 रूपये
अजय जायसवाल
गोरखपुर। सिद्धार्थनगर से गोरखपुर में खरीदारी करने आए व्यापारी को बदमाशों ने पुलिस बनकर लूट लिया। सादे ड्रेस में बदमाशों ने खुद को पुलिस वाला बताया। फिर चेकिंग के नाम पर व्यापारी के एक लाख रुपए लेकर फरार हो गए। घटना कोतवाली इलाके के आर्यनगर की है। वहीं दूसरी घटना पुलिस वाले के साथ ही हो गई। पुलिस लाइन में तैनात पुलिस वाले के बैंक अकाउंट से सिपाही ने 5500 रुपए चुरा लिए। दोनों मामलों में पुलिस केस दर्ज कर मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।
सिद्धार्थनगर के ककरहवा के रहने वाले छेदी जायसवाल किराना व्यापारी हैं। वे बुधवार को किराने का सामान खरीदने गोरखपुर आए थे। अभी वे साहबगंज मंडी जा ही रहे थे कि तभी अलीनगर चौराहे पर 2 बाइक पर सवार 4 लोगों ने उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने खुद को पुलिस वाला बताकर उनकी चेकिंग शुरू कर दी और उनके पास मौजूद बैग ले लिया। बैग में कुछ न मिलने पर बदमाशों ने उनकी पॉकेट की तलाशी ली। फिर पॉकेट में रखा एक लाख रुपए निकाल लिया।
पूछने पर बदमाशों ने कहा कि चौकी पर चलो, वहां चलने पर लिखा-पढ़ी के बाद रुपए वापस हो जाएंगे। अभी व्यापारी कुछ समझ पाते कि इससे पहले बदमाश रुपए लेकर फरार हो गए। इसके बाद पीड़ित व्यापारी ने इसकी शिकायत पुलिस से की। एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि केस दर्ज कर बदमाशों की तलाश की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। जल्द ही बदमाशों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
वहीं दूसरी घटना कैंट इलाके के पुलिस लाइंस की है। पुलिस लाइंस के रहने वाले अशोक सिंह ने यहीं पर तैनात एक सिपाही और उसके पिता पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोप है कि उनके बैंक खाते से बिना किसी जानकारी 5500 रुपए निकाल लिए गए। जब उन्हें इस बात की जानकारी हुई तो वे पता करने बैंक पहुंचे।
बैंक स्टेटमेंट निकलवाने पर पता चला कि पुलिस लाइंस में तैनात सिपाही विपिन सिंह और उनके पिता ने मिलकर बैंक खाते से रुपए निकाले हैं। इसके बाद पीड़ित ने इसकी शिकायत कैंट पुलिस से की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर सिपाही विपिन सिंह और उनके पिता के खिलाफ चोरी और जालसाजी का केस दर्ज कर मामले की पड़ताल शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर कैंट रणधीर मिश्रा ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।












