एम्स में कमीशन युक्त दवाओं का बड़े पैमाने पर चल रहा गोरखधंधा
महंगे इंजेक्शन, टैबलेट व हजारों रुपये की एसेसरीज से मरीजों की टूट रही कमर
संदीप पाण्डेय
रायबरेली। सरकार के स्वास्थ्य महकमे में लगातार मरीजों को सुविधाएं दिलाये जाने के लिए कटिबद्ध है लेकिन दरियापुर में स्थित एम्स के डाक्टर लोकसेवक की भूमिका से भटक गए हैं। लम्बे अरसे से अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में बड़े पैमाने पर कमीशन युक्त दवाओं का गोरखधंधा बदस्तूर जारी है। प्रतिदिन एम्स में जनपद ही नहीं बल्कि गैर जनपदों से भी भारी तादाद में मरीज इलाज के लिए आते हैं। महंगे इंजेक्शन और टैबलेट के साथ ही हजारों रुपये की एसेसरीज़ से धीरे-धीरे यहां आने वाले मरीजों की कमर टूट रही है।
उल्लेखनीय है कि यहां चल रही ओपीडी में मरीजों के पर्चो पर लिखी जाने वाली बाहर की दवाएं बहुत मंहगी होने के कारण आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को अत्यधिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। गौरतलब है कि एम्स में आने वाले मरीजों को सस्ती दरों पर दवाईयां उपलब्ध कराये जाने के लिए अमृत फार्मेसी से करार है लेकिन यहां के डाक्टरों द्वारा अधिकांश ऐसी दवाएं लिखी जा रही हैं जो अमृत फार्मेसी पर नहीं मिलती हैं। मजबूर होकर तीमारदारों को बाहर के मेडिकल स्टोरों पर मनमाने दामों पर दवाईयां खरीदनी पड़ती हैं। एक विशेष विभाग के साथ ही लगभग अधिकांश पर्चों पर मेटफार्मिन और माइकोपेन जैसी दर्जनों ऐसी दवाएं लिखी जाती हैं जिनके रैपर पर निर्धारित रेट से ज्यादा दाम प्रिंट रहता है।
बताते चलें कि यह वही विशेष दवाएं हैं जिन कम्पनियों के तार सीधे एम्स में तैनात डाक्टरों से जुड़े हैं। इन चुनिन्दा कम्पनियों के बारे में चर्चा आमोखास है कि इनके मालिकों का डाक्टरों से सीधा कनेक्शन होने से मोटा कमीशन तय होता है। प्रतिबंधित दवाओं के काले कारोबार में सबसे बडा सवालिया निशान एम्स प्रशासन के ऊपर लग रहा है। सूत्रों की माने तो प्रशासन और डाक्टरों की मिलीभगत से ही यह खेल धड़ल्ले से चल रहा है।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।












